भारत ने रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर अंडर 19 वर्ल्ड कप में अपनी दूसरी जीत दर्ज की. बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारतीय टीम ने बांग्लादेश पर डकवर्थ लुईस नियम से 18 रन से शानदार जीत दर्ज की. भारत की यंगिस्तान ने इससे पहले अमेरिका को छह विकेट से हराया था. डकवर्थ लुईस नियम के तहत बांग्लादेश को संशोधित लक्ष्य 165 रन का मिला था जो उसे 29 ओवर में बनाने थे. बांग्लादेश को 6 गेंद पर जीत के लिए 19 रन चाहिए थे.
बांग्लादेश के सामने पहले 50 ओवर में 239 रन का लक्ष्य था. जब बांग्लादेश की टीम चेज करने के लिए उतरी उस समय 17.2 ओवर में 2 विकेट पर 90 रन बना लिए थे. इसके बाद बारिश ने खलल डाला. बारिश की वजह से ज्यादा समय जाया हुआ. जिसके बाद जब खेल दोबारा शुरू हुआ उसके बाद बांग्लादेश को 29 ओवर में 165 रन का लक्ष्य दिया गया. बांग्लादेश की टीम दबाव को झेल नहीं पाई और उसकी पूरी टीम 28.3 ओवर में 146 रन पर ढेर हो गई. और वह लगातार विकेट गंवाती चली गई. उसकी ओर से कप्तान अजीजुल हकीम तमीन ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए. भारत की ओर से तेज गेंदबाज विहान मल्होत्रा ने सबसे अधिक 4 विकेट चटकाए.

भारत ने 48.4 ओवर में 238 रन बनाए
इससे पहले, अभिज्ञान कुंडू और वैभव सूर्यवंशी ने जुझारू अर्धशतक लगाए लेकिन तेज गेंदबाज अल फहाद के पांच विकेट की मदद से बांग्लादेश ने भारत को 48 . 4 ओवर में 238 रन पर आउट कर दिया. बांग्लादेश ने वर्षाबाधित मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और अनुशासित गेंदबाजी से भारत को लगातार दबाव में बनाए रखा. आक्रामक युवा सलामी बल्लेबाज वैभव भी चिर परिचित अंदाज में नहीं खेल पाये और उन्हें 72 रन की पारी में 67 गेंद खेलनी पड़ी. उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए. कुंडू ने दो जीवनदानों का पूरा फायदा उठाते हुए 112 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 80 रन बनाए. बारिश के कारण 65 मिनट का व्यवधान होने के कारण मैच 49 ओवर प्रति टीम कर दिया गया.

अल फहाद ने 5 विकेट लिए
अल फहाद ने 9 . 2 ओवर में 38 रन देकर पांच विकेट लिए. उन्होंने अपनी रफ्तार में विविधता का प्रयोग करके भारतीय बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया. उन्होंने कुंडू को 47वें ओवर में आउट किया जबकि दीपेश देवेंद्रन को पवेलियन भेजकर पांच विकेट पूरे किए. कप्तान अजीजुल हकीम ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 42 रन देकर दो विकेट चटकाए. उन्होंने कनिष्क चौहान (28) को आउट करके कुंडू और उनकी 45 गेंद में 54 रन की साझेदारी को तोड़ा. चौहान ने 26 गेंद की अपनी पारी में चार चौके लगाए.

बांग्लादेश ने पावरप्ले के भीतर ही भारत के तीन विकेट चटका लिए थे.
इससे पहले बांग्लादेश ने पावरप्ले के भीतर ही तीन विकेट चटका लिए थे. अल फहाद दूसरे ओवर में हैट्रिक पर थे जिन्होंने पहले भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे (छह) को आउट किया जबकि दूसरी गेंद पर वेदांत त्रिवेदी (0) का विकेट लिया. तीसरे ओवर में दो गेंद में दो विकेट गिरने के बाद वैभव ने विकेट बचाते हुए संयमित पारी खेली. उन्होंने विहान मल्होत्रा के साथ 40 रन से अधिक की साझेदारी की. विहान ने 24 गेंद में सात रन बनाये और पावरप्ले के भीतर आउट होने वाले तीसरे बल्लेबाज रहे. उन्हें हकीम ने अपने पहले ओवर में आउट किया.
वैभव और कुंडू ने 101 गेंद में 62 रन जोड़े
वैभव और कुंडू ने इसके बाद 101 गेंद में 62 रन जोड़े. वैभव ने जब हाथ खोलने शुरू किए थे तब इकबाल हुसैन इमोन ने उन्हें पवेलियन भेज दिया. डीप मिडविकेट पर पूल शॉट खेलने के प्रयास में वह अल फहाद को कैच दे बैठे. बारिश के कारण मैच रोके जाने के समय भारत का स्कोर 39वें ओवर में छह विकेट पर 192 रन था.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.