- Hindi News
- Sports
- PSL 2026 Bangladesh Players Update; Mustafizur Rahman Nahid Rana | BCB NOC
- कॉपी लिंक
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) वापस ले लिए हैं। अब ये दोनों खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के बचे हुए मैचों में अपनी फ्रेंचाइजियों के लिए नहीं खेल पाएंगे।
मुस्तफिजुर रहमान लाहौर कलंदर्स और नाहिद राणा पेशावर जाल्मी का हिस्सा थे। ये दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश लौटे थे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मुस्तफिजुर घुटने की चोट से जूझ रहे हैं, वहीं राणा के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए उन्हें आराम दिया गया है।

मुस्तफिजुर का होगा स्कैन और रिहैब
BCB ने अपने बयान में कहा कि मुस्तफिजुर के घुटने की स्थिति का आकलन करने के लिए उनका तत्काल स्कैन कराया जाएगा। इसके बाद वे बोर्ड की मेडिकल टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम शुरू करेंगे। इंजरी के कारण ही वे न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले दो वनडे नहीं खेल सके थे, हालांकि तीसरे मैच में उन्होंने 5 विकेट झटके थे।

कीवी टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज से भी बाहर
वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत नाहिद राणा के साथ मुस्तफिजुर और तस्कीन अहमद को न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले हफ्ते से शुरू हो रही शुरुआती दो टी-20 मैचों में भी आराम दिया गया है। इसी कारण वे PSL के लिए दोबारा पाकिस्तान नहीं जा सकेंगे।
खिलाड़ियों का अगला असाइनमेंट
नाहिद राणा अब मई में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में नजर आएंगे। वहीं, मुस्तफिजुर रहमान के जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वाइट बॉल सीरीज (वनडे और टी-20) खेलने की संभावना है।
क्या होता है NOC?
जब कोई खिलाड़ी अपने देश के बाहर किसी विदेशी लीग (जैसे PSL या IPL) में खेलना चाहता है, तो उसे अपने घरेलू क्रिकेट बोर्ड से ‘अनापत्ति प्रमाण पत्र’ (NOC) लेना अनिवार्य होता है। बोर्ड खिलाड़ी की फिटनेस, इंटरनेशनल शेड्यूल और वर्कलोड को देखते हुए इसे कभी भी रद्द कर सकता है।
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
