Australian Open 2026: नोवाक जोकोविच और यानिक सिनर वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं. सिनर ने पुरष एकल के क्वार्टर फाइनल में सीधे सेटों में जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई वहीं जाकोविच भाग्य के सहारे सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहे.
जोकोविच पहले दो सेट हार गए थे और वह घर वापस लौट के बारे में सोचने लग गए थे लेकिन तभी भाग्य ने पलटी खाई क्योंकि पांचवीं वरीयता प्राप्त लोरेंजो मुसेटी चोट के कारण टूर्नामेंट से हट गए. सिनर ने एक अन्य मैच में अमेरिका के आठवीं वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन को दो घंटे 23 मिनट तक चले मैच में 6-3, 6-4, 6-4 से पराजित किया. वह लगातार तीसरी बार खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल होने से केवल दो जीत दूर हैं। जोकोविच दो बार यह कारनामा कर चुके हैं.

सेमीफाइनल में सिनर और जोकोविच का होगा आमना सामना.
सिनर को सेमीफाइनल में अधिक तरोताजा जोकोविच का सामना करना है जिन्हें चौथे दौर में वाकओवर मिला था. पुरुष वर्ग का अन्य सेमीफाइनल विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज और तीसरे वरीय अलेक्जेंडर ज्वेरेव के बीच खेला जाएगा. महिला वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त एलिना रयबाकिना और छठी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उनका आमना सामना होगा.
रयबाकिना ने विश्व में दूसरे नंबर की खिलाड़ी इगा स्वियातेक को 7-5, 6-1 से जबकि छठी वरीय पेगुला ने हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी और यहां चौथी वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा को 6-1, 7-6 (6-1) से हराया. मुसेटी ने जोकोविच के खिलाफ पहले दो सेट 6-4, 6-3 से जीते. उन्होंने तीसरे सेट के तीसरे गेम में अपने दाहिने पांव के ऊपरी हिस्से में चोट लगने के कारण मेडिकल टाइमआउट लिया. इसके बाद उन्होंने एक और गेम खेला, लेकिन फिर आगे नहीं खेल सके.
जब मुसेटी ने मैच से हटने का फैसला किया तब जोकोविच तीसरे सेट में 3-1 से आगे चल रहे।.इस तरह से 38 वर्षीय जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपना 11वां खिताब और कुल 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की कवायद जारी रखी, लेकिन उनका कहना है कि इस बार वे भाग्यशाली रहे. जोकोविच ने कहा, ‘मुझे उसके लिए बहुत दुख हो रहा है. वह आज मुझसे कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहा था. आज के दिन मेरी छुट्टी होने वाली थी. खेल में इस तरह की चीजें होती रहती हैं. मेरे साथ भी ऐसा हुआ है.’

पांचवें गेम में डबल फॉल्ट करने के बाद जोकोविच को ब्रेकप्वाइंट का एक और मौका मिला. मुसेटी ने अपने चेहरे पर हाथ फेरा, वह नेट की ओर गए और फिर अपना हेडबैंड उतार दिया. उन्होंने जोकोविच से हाथ मिलाया और कोर्ट से बाहर चले गए. पिछले साल फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भी मुसेटी बाएं पैर की चोट के कारण मैच से हट गए थे. तब उन्होंने आखिर में चैंपियन बने कार्लोस अल्काराज से एक सेट जीत लिया था.
जोकोविच को पिछले दौर में याकूब मेनसिक के चोट के कारण मैच से एक दिन पहले हट जाने से वाकओवर मिला था. महिला वर्ग में अन्य सेमीफाइनल एरिना सबालेंका ओर एलिना स्वितोलिना के बीच खेला जाएगा. शीर्ष वरीयता प्राप्त सबालेंका पिछले चार साल में अपना तीसरा ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीतने की कवायद में हैं जबकि स्वितोलिना पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची है. पेगुला ने पिछले दौर में 2025 की चैंपियन मैडिसन कीज को हराया और फिर अनिसिमोवा के लगातार तीसरे ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने की उम्मीद पर पानी फेर दिया. पेगुला को उम्मीद है कि वह पिछले साल यहां कीज के प्रदर्शन को दोहराते हुए ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतेगी.
(इनपुट-भाषा)
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.