India vs Netherlands Highlights: भारत ने नीदरलैंड्स को हराकर जीत का चौका लगाते हुए सुपर 8 में प्रवेश किया. टीम इंडिया सुपर 8 के अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका से 22 को भिड़ेगी. भारत की इस विश्व कप में यह लगातार चौथी जीत है. शिवम दुबे ने 31 गेंदों पर 66 रन बनाए वहीं पंड्या ने 21 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली. बल्लेबाजी में कमाल करने के बाद दुबे ने गेंदबाजी में भी धमाल मचाया. उन्होंने 3 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
अजेय रहते हुए टीम इंडिया सुपर 8 में पहुंची.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम की शुरुआत ठोस हुई. लेकिन उसने बाद में एक के बाद एक विकेट गंवा दिए जिससे टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई. भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने दो गेंदों पर लगातार दो विकेट लेकर हैट्रिक पर पहुंच गए थे लेकिन वह ऐसा करने में असफल रहे. नीदरलैंड्स की ओर से बास डी लीडे ने सबसे अधिक 33 रन बनाए वहीं माइकल लेविट 24 जबकि कोलिन एकरमैन 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे. शिवम दुबे को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
अजेय रहते हुए टीम इंडिया सुपर 8 में पहुंची.
इससे पहले, शिवम दुबे के तूफानी अर्धशतक से भारत ने धीमी शुरुआत से उबरते हुए छह विकेट पर 193 रन बनाए. दुबे ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी के दौरान 31 गेंद में छह छक्कों और चार चौकों से 66 रन की पारी खेलने के अलावा हार्दिक पंड्या (21 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंद में 76 रन की साझेदारी की जिससे भारत अंतिम पांच ओवर में 75 रन जोड़ने में सफल रहा. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (34) और तिलक वर्मा (31) ने भी उपयोगी पारियां खेली.
नीदरलैंड की ओर से तेज गेंदबाज लोगान वान बीक सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 56 रन देकर तीन विकेट चटकाए. ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए. सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. अभिषेक शर्मा का मौजूदा विश्व कप में खाता खुलने का इंतजार जारी रहा और वह लगातार तीसरे मैच में बिना रन बनाए पवेलियन लौट गए. वह आर्यन की सीधी गेंद को पूरी तरह से चूककर बोल्ड हुए. तिलक ने वान बीक पर छक्का मारा जबकि बेहतरीन फॉर्म में चल रहे इशान किशन (18) ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका जड़ा.
इशान ने कोलिन एकरमैन का स्वागत छक्के के साथ किया जबकि अगले ओवर में दत्त पर भी चौका जड़ा लेकिन इस ऑफ स्पिनर की अगली गेंद उनकी जांघ और फिर कोहनी से टकराकर विकेटों में समा गई. भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 50 रन बनाए. सूर्यकुमार 13 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब वान बीक की गेंद पर माइकल लेविट ने उनका कैच टपका दिया. वान बीक के इसी ओवर में हालांकि रोलोफ वान डेर मर्व ने लॉन्ग ऑफ पर शानदार कैच लपककर तिलक की पारी का अंत किया. सूर्यकुमार ने 12वें ओवर में बास डि लीडे पर छक्के के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया जबकि शिवम ने अगले ओवर में एकरमैन पर दो छक्के और एक चौके के साथ टीम के रनों का शतक पूरा किया.
सूर्यकुमार हालांकि तेज गेंदबाज काइल क्लेन के अगले ओवर में बाउंड्री पर कैच थमाकर पवेलियन लौट गए. उन्होंने 28 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा. भारत ने 15 ओवर में चार विकेट पर 118 रन बनाए. दुबे ने बाएं हाथ के स्पिनर वान डेर मर्व की फुलटॉस को दर्शकों के बीच पहुंचाया जबकि हार्दिक ने इस शॉट को दोहराया. दुबे ने 17वें ओवर में वान बीक पर दो छक्कों और एक चौके से 25 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. हार्दिक ने19वें ओवर में क्लेन पर दो छक्के मारे. दुबे ने भी वान बीक की पहली गेंद पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी टी वान डेर गुगटेन ने उनका शानदार कैच लपका. हार्दिक भी अंतिम गेंद पर वान डेर मर्व को कैच दे बैठे.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.