गांगुली के अनुसार मौजूदा भारतीय टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी इतनी संतुलित है कि दुनिया की बहुत कम टीमें ही इसका मुकाबला कर सकती हैं. उन्होंने टीम के कोच गौतम गंभीर की भी जमकर तारीफ की और कहा कि पिछले एक साल में टीम की सफलता उनके नेतृत्व और रणनीति का ही नतीजा है.
“न्यूजीलैंड ने 7:30 बजे ही विश्व कप हार दिया था”
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने बातचीत के दौरान कहा, न्यूजीलैंड ने विश्व कप शाम 7:30 बजे ही हार दिया था. मैच 7 बजे शुरू हुआ और आधे घंटे में ही तय हो गया कि क्या होने वाला है. मैंने वही बात उन लोगों से भी कही थी जो मेरे साथ मैच देख रहे थे. उन्होंने आगे भारतीय बल्लेबाजी की ताकत गिनाते हुए कहा कि जब टीम में ईशान किशन,अभिषेक शर्मा,संजू सैमसन,सूर्यकुमाक यादव , शिवम दुबे, तिलक वर्मा , जैसे जैसे बल्लेबाज हों, तो किसी भी टीम के लिए भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए भेजना बेहद खतरनाक फैसला हो सकता है.
गौतम गंभीर की कोचिंग की सराहना
गांगुली ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गंभीर की भी जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा, अगर आपको याद हो तो ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले मैंने कहा था कि हमें उन्हें मौका देना चाहिए. सफेद गेंद के क्रिकेट में वह बेहद अच्छे कोच हैं और उनके पास शानदार टीम भी है. उन्होंने इस फॉर्मेट को बहुत अच्छे से समझा है. उन्होंने आगे कहा कि किसी भी कोच के लिए 12 महीनों के भीतर चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप जीतना बड़ी उपलब्धि है. हालांकि गांगुली ने यह भी माना कि आने वाला वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में चुनौतीपूर्ण हो सकता है, जहां गेंद ज्यादा मूव करती है. लेकिन उन्हें भरोसा है कि गंभीर इस चुनौती के लिए तैयार रहेंगे.
भारतीय टीम की बेंच स्ट्रेंथ भी जबरदस्त
गांगुली के अनुसार मौजूदा भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी बेंच स्ट्रेंथ है. उन्होंने कहा,
जरा उन खिलाड़ियों के बारे में सोचिए जो इस टीम में नहीं हैं, तब आपको पता चलेगा कि टीम कितनी मजबूत है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि श्रेयस अय्यर जैसे शानदार सफेद गेंद के बल्लेबाज को भी टीम में जगह नहीं मिल पा रही है. वहीं वैभव सूर्यवंशी किसी भी टीम में जगह बना सकते हैं, जबकियशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी भी कभी-कभी बाहर बैठते हैं. गांगुली का मानना है कि भारत के पास इतनी गहराई है कि वह आसानी से दो मजबूत अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीमें बना सकता है.
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ही दे सकते हैं टक्कर
पूर्व कप्तान के मुताबिक फिलहाल सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत को कड़ी टक्कर देने वाली टीमों में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ही शामिल हैं. उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के पास भी प्रतिभा है और अनुकूल परिस्थितियों में वह खतरनाक साबित हो सकती है, लेकिन बाकी ज्यादातर टीमों के लिए इस भारतीय टीम को हराना आसान नहीं होगा.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.