हरभजन सिंह ने संजय मांजरेकर पर तीखा प्रहार किया है. भज्जी ने मांजरेकर के उन दावों को सिरे से नकार दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि विराट कोहली सिर्फ वनडे इसलिए खेल रहे हैं क्योंकि यह टेस्ट की तुलना में आसान फॉर्मेट है. पूर्व स्पिनर का कहना है कि यह सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है बल्कि वह युवा पीढ़ी को प्रेरित भी करते हैं.
संजय मांजरेकर (Sanjay Manjrekar) ने एक इंस्टाग्राम वीडियो में कहा था, ‘बहुत से लोगों ने मुझसे पूछा है कि मैं क्यों कहता हूं कि टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों के लिए वनडे क्रिकेट आसान है. भारतीय क्रिकेट में कुछ साल पीछे जाएं और उन खिलाड़ियों को देखें जो 50-ओवर क्रिकेट में लंबे समय तक भारत के लिए ओपनिंग कर रहे थे. वे बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज थे. वे टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग करने या टॉप तीन में बल्लेबाजी करने के बहुत इच्छुक नहीं थे. वे नंबर 4, 5, 6 पर खेलने में बहुत खुश थे.’

हरभजन सिंह की संजय मांजरेकर को फटकार!
मांजरेकर ने वीडियो में कही थी ये बात
संजय मांजरेकर ने आगे कहा, ‘लेकिन जब वनडे क्रिकेट की बात आती है, तो वे टॉप तीन में बैटिंग करने और ओपनिंग करने के लिए लगभग बेताब रहते हैं. इसी में इस सवाल का जवाब छिपा है कि मुझे क्यों लगता है कि टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के लिए यह आसान होता है, क्योंकि हर कोई टॉप तीन में बैटिंग करने के लिए लाइन में लगा रहता है. 50-ओवर क्रिकेट में ओपनिंग करने या नंबर 3 पर बैटिंग करने का पहला फायदा यह है कि वहां चार स्लिप और एक गली नहीं होती. और आपको पता होता है कि जब कोई गेंदबाज दौड़कर आता है, तो वह असल में आपको आउट करने के लिए नहीं आ रहा होता. वह बस यह पक्का करने की कोशिश कर रहा होता है कि आप एक ओवर में 10-15 रन न बना लें.’
हरभजन सिंह का पलटवार
हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने मांजरेकर के बयान पर जवाब देते हुए कोहली का साथ दिया है. पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा कि हमें कोहली के खेल का आनंद लेना चाहिए, चाहे वह किसी भी फॉर्मेट में खेल रहे हों. बकौल हरभजन सिंह, ‘ अगर किसी भी फॉर्मेट में रन बनाना इतना आसान होता, तो हर कोई ऐसा कर लेता. आइए बस वो जो कर रहे हैं उसका आनंद लें. वह अच्छा खेल रहे हैं, मैच जीत रहे हैं, रन बना रहे हैं, और विकेट ले रहे हैं. बस यही मायने रखता है. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन किस फॉर्मेट में खेलता है. विराट, चाहे वह एक फॉर्मेट में खेलें या सभी फॉर्मेट में, एक शानदार खिलाड़ी रहे हैं और भारत के लिए बड़े मैच विनर रहे हैं.’ भज्जी ने कहा, ‘वे अगली पीढ़ी को प्रेरित करते हैं. मांजरेकर की अपनी सोच है. जिस तरह से मैं इसे देखता हूं, विराट और इन खिलाड़ियों ने इस खेल को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाई है.’

कोहली 18 को तीसरा वनडे खेलने उतरेंगे
विराट कोहली इस समय न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रहे हैं. उन्होंने इस सीरीज के दो वनडे में कुल 116 रन बनाए हैं जिसमें 93 रन की पारी भी शामिल है. इस दौरान का कोहली का बैटिंग औसत 58 का रहा है. विराट सीरीज के तीसरे और अंतिम वनडे में 18 जनवरी को इंदौर में उतरेंगे. इंदौर में कोहली का रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है.उन्होंने इस वेन्यू पर चार पारियों में 99 रन बनाए हैं और वह भी 33 की मामूली औसत से. यहां उनका हाईएस्ट स्कोर 36 रन है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.