Last Updated:
Salman Ali Agha captaincy in danger: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बड़े बदलावों की सुगबुगाहट है. पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी कप्तान सलमान अली आगा के प्रदर्शन और नेतृत्व से बेहद नाखुश हैं, जिसके चलते टूर्नामेंट के बाद उनकी कप्तानी छीनी जा सकती है. बाबर आजम और उस्मान खान जैसे सीनियर खिलाड़ियों का टी20 करियर भी अब समाप्ति की ओर है. बोर्ड अब भविष्य की ओर देखते हुए शादाब खान या शाहीन अफरीदी को कमान सौंपने और टीम में युवा चेहरों को शामिल करने पर विचार कर रहा है.
सलमान आगा को टी20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी से हटाया जा सकता है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, ‘पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी का मानना है कि उन्हें चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट द्वारा धोखे में रखा गया. उन्हें आश्वासन दिया गया था कि यह टीम वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करेगी, लेकिन मैदान पर कहानी इसके उलट नजर आई. विशेष रूप से कप्तान सलमान अली आगा का बल्ला इस बड़े मंच पर पूरी तरह खामोश रहा है. वह न केवल कप्तानी के दबाव में दिखे, बल्कि एक बल्लेबाज के तौर पर भी लगातार फ्लॉप साबित हुए. बोर्ड के करीबी सूत्रों का कहना है कि नकवी ने अब अपना मन बना लिया है कि चाहे पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में आगे जो भी करे, सलमान को कप्तानी से हाथ धोना पड़ेगा.
सलमान आगा को टी20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी से हटाया जा सकता है.
बाबर आजम और उस्मान खान पर तलवार
सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कुछ सीनियर खिलाड़ियों का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर भी अब अंत की ओर दिख रहा है. 145 टी20 मैच खेलने वाले अनुभवी बाबर आजम के लिए यह टूर्नामेंट ‘करो या मरो’ जैसा हो गया है. यदि वह श्रीलंका के खिलाफ और (यदि टीम पहुंचती है तो) नॉकआउट मैचों में कोई जादुई पारी नहीं खेलते, तो यह उनके करियर का आखिरी टी20 वर्ल्ड कप हो सकता है. सूत्र बताते हैं कि सलमान अली आगा, बाबर आजम और उस्मान खान जैसे खिलाड़ियों के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय के दरवाजे बंद किए जा सकते हैं.
कौन होगा पाकिस्तान का अगला कप्तान?
पाकिस्तान क्रिकेट में अब ‘मॉडर्न टी20’ क्रिकेट के अनुकूल टीम बनाने की चर्चा है. हेड कोच माइक हेसन ने वर्ल्ड कप से पहले ही नकवी को सलाह दी थी कि टीम को युवाओं के साथ तालमेल बिठाने और आधुनिक शैली अपनाने की जरूरत है. कप्तानी की दौड़ में दो बड़े नाम सबसे आगे चल रहे हैं. इनमें पहला नाम शादाब खान का है जो अपनी ऑलराउंड क्षमता और आक्रामक रुख के लिए जाने जाते हैं. इसके बाद शाहीन शाह अफरीदी का नाम आ रहा है जो पहले भी कप्तानी कर चुके हैं और टीम के मुख्य स्ट्राइक गेंदबाज हैं.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.