Sahibzada Farhan on India vs Pakistan: भारत के खिलाफ मैच में उतरने से पहले पाकिस्तान के ओपनर साहेबजादा फरहान ने अमेरिका के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेली. भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले उन्होंने कहा वो दो और प्लेयर ऑफ द मैच जीतेंगे.
पाकिस्तान के ओपनर साहेबजादा फरहान ने अमेरिका के खिलाफ जमाया अर्धशतक
29 साल के फरहान ने 41 गेंद में 73 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के और छह चौके शामिल थे. उन्हें बाबर आजम का भी शानदार साथ मिला. फरहान ने अपने 41वें मैच में टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1,000 रन पूरे किए, लेकिन 16वें ओवर में स्पिनर हरमीत सिंह की गेंद पर कवर में कैच आउट हो गए.
पाकिस्तान का अगला मुकाबला रविवार को कोलंबो में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से होगा. ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए साहिबजादा फरहान ने कहा, “हम वही मानसिकता लेकर मैदान में उतरेंगे, जैसी हमने भारत के खिलाफ पिछले मैचों में रखी थी, जिसमें एशिया कप भी शामिल है. हम सकारात्मक रहकर आक्रामक क्रिकेट खेलेंगे. कल प्रैक्टिस के दौरान नेट्स में गेंद मेरे बल्ले पर अच्छी आ रही थी. मैंने हमारे बैटिंग कोच (हनीफ मलिक) को भी बता दिया था कि आज के मैच के लिए मुझे अच्छा फील हो रहा है.”
फरहान ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा था. मैंने यहां तक कह दिया था कि मैं मैच को ऐसे खत्म करूंगा कि मुझे प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिले. मैंने खुद के लिए एक टारगेट सेट किया है कि इस वर्ल्ड कप में कम से कम दो से तीन प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतूं,”
पाकिस्तान ने किया ‘कुछ अलग’
इस जीत के साथ पाकिस्तान ने दो साल पहले टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका से मिली चौंकाने वाली हार का बदला ले लिया. लगातार दो मैच जीतकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की. इससे पहले शनिवार को पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को तीन विकेट से हराया था. जीत के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा, “हम पाकिस्तान हैं, हम दुनिया से अलग तरीके से चीजें करते हैं.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.