रो-को की उम्र को लेकर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए धोनी ने साफ कहा कि वर्ल्ड कप खेलने के लिए उम्र कोई पैमाना नहीं है. एक कार्यक्रम के दौरान धोनी ने कहा कि किसी खिलाड़ी को टीम में बनाए रखने का आधार फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए, न कि उम्र.
उम्र का चयन से कोई लेना देना नही-धोनी
पूर्व भारतीय कप्तान धोनी ने रोहित और विराट का नाम लेते हुए कहा कि सिर्फ इसलिए कि कोई खिलाड़ी 30 की उम्र पार कर चुका है, यह सवाल उठाना गलत है कि वह वर्ल्ड कप खेल सकता है या नहीं. धोनी ने कहा कि आगे खेलना है या नहीं, यह फैसला खुद खिलाड़ियों का होना चाहिए, किसी और का नहीं. क्या उम्र कोई फैक्टर है नहीं, क्या फिटनेस फैक्टर है? हां, फिटनेस एक फैक्टर है. अगर आप 22 साल के भी हैं और फिट नहीं हैं, तो आपको टीम में नहीं होना चाहिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के कुछ मानदंड होते हैं. चाहे वह रोहित हों, विराट हों या फिर आने वाले तीन, पांच या दस साल में उभरने वाले खिलाड़ी, सिर्फ इसलिए कि कोई खिलाड़ी 30 की उम्र में है, यह तय करना हमारा काम नहीं है कि वह अगला वर्ल्ड कप खेल सकता है या नहीं.
फिट हैं फॉर्म में हैं तो दिक्कत क्या है-धोनी
रोहित और विराट के 2027 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर अटकलें तब शुरू हुई थीं, जब पिछले साल मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने कहा था कि दोनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलने को लेकर गैर-प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं. 2027 वर्ल्ड कप के समय रोहित शर्मा 39 साल के होंगे, जबकि विराट कोहली 38 साल के. इसके बाद से ही दोनों पूर्व कप्तानों ने जिस एकमात्र फॉर्मेट में वे फिलहाल सक्रिय हैं, उसमें शानदार प्रदर्शन कर आलोचकों की बोलती बंद कर दी है. धोनी ने एक बार फिर दोहराया कि वर्ल्ड कप के लिए चयन का एकमात्र आधार फिटनेस होनी चाहिए, न कि उम्र.
युवा और अनुभवी दोनों जरूरी
धोनी ने आगे कहा, मेरे हिसाब से अनुभव और युवाओं का सही संतुलन बहुत जरूरी है, लेकिन फिटनेस की कीमत पर नहीं. अगर आपको शीर्ष स्तर पर मुकाबला करना है, तो फिट रहना ही होगा. अगर आप 35 साल के हैं और फिट हैं, तो 35 की उम्र कोई मायने नहीं रखती. प्रदर्शन 24 साल के खिलाड़ी के लिए भी उतना ही जरूरी है, जितना 35 साल के खिलाड़ी के लिए. सबको बराबरी से ट्रीट किया जाना चाहिए. अगर कोई अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो वह टीम में रहेगा अगर नहीं कर रहा, तो बाहर होगा. लोग कहते हैं अगला वर्ल्ड कप तीन-चार साल दूर है अगर तब तक कोई खिलाड़ी फिट नहीं है, तो उसे कभी भी ड्रॉप किया जा सकता है. चयन को लेकर किसी भी खिलाड़ी पर सवाल नहीं होना चाहिए. सिर्फ एक ही मापदंड होना चाहिए—अगर आप फिट हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं, तो खेलते रहिए.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.