Ricky Ponting Statement on Glenn Maxwell: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि ग्लेन मैक्सवेल आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी खराब फॉर्म से बाहर आ सकते हैं, भले ही टूर्नामेंट से पहले उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा हो. पोंटिंग ने इस बयान से विरोधी टीमों को चेताया भी है. मैक्सवेल एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर मैच का रुख पलट सकते हैं. ऐसे में आगामी आईसीसी टूर्नामेंट में उनकी भूमिका अहम रहने वाली है.
ऑस्ट्रेलिया का पहला मैच कब?
T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले मैक्सवेल को पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से आराम दिया गया है. इस सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम सीधे वर्ल्ड कप खेलेगी और 11 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आयरलैंड के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी. पिछले वर्ल्ड कप 2024 में अफगानिस्तान से हारकर नॉकआउट में जगह नहीं बना पाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम इस बार बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप B में जिम्बाब्वे, श्रीलंका और ओमान के साथ रखा गया है.

पोंटिंग ने ग्लेन मैक्सवेल पर जताया भरोसा.
खराब फॉर्म से जूझ रहे मैक्सवेल
हाल के महीनों में मैक्सवेल का फॉर्म कमजोर रहा है. बिग बैश लीग 2025–26 में उन्होंने 8 पारियों में सिर्फ 76 रन बनाए. इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में केवल 2 विकेट लिए और फील्डिंग में भी कई कैच छोड़े. टी20 इंटरनेशनल में भी 2025 के बाद से उनका प्रदर्शन साधारण रहा है. 9 पारियों में मैक्सवेल 171 रन रन ही बना सके हैं. इन आंकड़ों के बावजूद पोंटिंग का मानना है कि वर्ल्ड कप जैसा बड़ा मंच मैक्सवेल को दोबारा अपने रंग में ला सकता है.
पोंटिंग ने कहा, ‘जब किसी खिलाड़ी की धार कम होने लगती है, तो उसे वापस पाना मुश्किल होता है. लेकिन अगर कोई चीज उसे फिर से निखार सकती है, तो वह वर्ल्ड कप है. मैक्सवेल ने पहले भी वर्ल्ड कप में कई यादगार प्रदर्शन किए हैं और उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में वह फिर ऐसा करेंगे.’ पोंटिंग को यह भी लगता है कि मैक्सवेल को ऑस्ट्रेलिया की शुरुआती प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी. हालांकि, पोंटिंग ने माना कि सिर्फ हालिया फॉर्म के आधार पर मैक्सवेल का चयन मुश्किल है, लेकिन अनुभव और परिस्थितियां उनके पक्ष में जाती हैं.
‘प्लेइंग-11 में मिलेगा मौका’
देश को चार आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले पोंटिंग ने कहा, ‘फॉर्म के आधार पर तो उन्हें चुनना मुश्किल है, क्योंकि बिग बैश में बाकी खिलाड़ियों ने अच्छा किया है. लेकिन अनुभव और परिस्थितियों को देखते हुए टीम उन्हें जरूर चुनेगी.’ पोंटिंग ने यह भी बताया कि स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ मैक्सवेल की क्षमता और उनकी गेंदबाजी टीम को संतुलन देती है, खासकर टूर्नामेंट की शुरुआत में. उन्होंने कहा कि शुरुआती मुकाबले आसान हैं, जो मैक्सवेल के लिए लय में आने का अच्छा मौका हो सकते हैं. पोंटिंग ने अपने कोचिंग अनुभव के आधार पर मैक्सवेल को अप्रत्याशित खिलाड़ी बताया. उन्होंने कहा, ‘मैंने उसे काफी कोचिंग दी है. कभी वह बेहतरीन ट्रेनिंग करता है, लेकिन मैच में कुछ नहीं होता और कभी खराब तैयारी के बाद मैदान पर आकर कुछ हैरान करने वाला कर देता है.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.