RCB vs DC WPL Final 2026: लीग के हर हिस्से में अच्छा खेल दिखाकर जोश से भरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम गुरुवार को महिला प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में दूसरा खिताब जीतने की कोशिश करेगी. दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स की नजरें खिताबी जीत के सूखे को खत्म करने पर होंगी। जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी में दिल्ली की टीम इतिहास रचने उतरेगी.
आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच महिला प्रीमियर लीग फाइनल.
आरसीबी ने इस सीजन में शानदार खेल दिखाया है और मुश्किल हालात में वापसी करने की अपनी काबिलियत भी साबित की है. लगातार पांच जीत के साथ उसने अपने अभियान की शुरुआत की और इतिहास रच दिया. वह डब्ल्यूपीएल में ऐसा करने वाली पहली टीम बनी. इस सीजन में आरसीबी की किसी न किसी खिलाड़ी ने जरूरत के वक्त अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे उसे हराना किसी भी टीम के लिए मुश्किल हो गया है.
आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच महिला प्रीमियर लीग फाइनल.
मुंबई के रिकॉर्ड की बराबर करना चाहेगी RCB
स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी दूसरा खिताब जीतकर मुंबई इंडियंस की बराबरी करना चाहेगी. पिछले दो मैचों में उसने शानदार खेल दिखाकर अच्छी लय के साथ फाइनल में जगह बनाई है. उसने यूपी वॉरियर्स को पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया की ग्रेस हैरिस की 75 रन की तेज पारी से आठ विकेट से हराया, जबकि गुजरात जायंट्स के खिलाफ गौतमी नाइक की 73 रन की पारी से 2024 की चैंपियन टीम ने 61 रन से जीत दर्ज की थी.
बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम
आरसीबी की चिंता इस सीजन में कुछ बल्लेबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है. इनमें मंधाना, हैरिस, जॉर्जिया वोल और ऋचा घोष भी शामिल हैं, लेकिन कई बार उनका योगदान निर्णायक रहा है. वहीं तेज गेंदबाज नादिन डी क्लर्क और सायली सतघरे ने अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया है. दक्षिण अफ्रीका की नादिन डी क्लर्क ने इस सीजन में आठ मैचों में 15 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका बेस्ट 22 रन देकर चार विकेट है. फाइनल में उनकी भूमिका अहम हो सकती है. श्रेयांका पाटिल टीम को स्पिन में मजबूती देती हैं, जैसा कि गुजरात जायंट्स के खिलाफ मिली जीत में दिखा, जिसमें उन्होंने पांच विकेट लिए थे. मंधाना की टीम की खासियत है संतुलित और अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन करना.
दिल्ली कैपिटल्स चौथी बार फाइनल में पहुंची
जेमिमा की कप्तानी में इतिहास रच पाएगी दिल्ली?
दिल्ली कैपिटल्स इस बार नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की अगुवाई में अच्छा खेल रही है. वह फाइनल में पिछले तीन टूर्नामेंट में उपविजेता रहने के बाद पहली जीत के लिए बेताब हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी गेंदबाजी लाइनअप पर पूरा भरोसा दिखाया है, जिसमें तेज गेंदबाज चिनले हेनरी और नंदनी शर्मा ने नई गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है. नंदनी ने इस सीजन में अब तक 16 विकेट लेकर भारतीय टीम में जगह बनाने का दावा पेश किया है. वह लगातार अच्छा खेल रही हैं. बल्लेबाजी की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की बल्लेबाजी भी लय में आ रही है.
गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में लिज़ेल ली ने अच्छा योगदान दिया, वहीं शेफाली वर्मा ने अपनी खराब फॉर्म को पीछे छोड़ते हुए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की. टॉप ऑर्डर की भरोसेमंद बल्लेबाज लौरा वोलवार्ट ने पूरे सीजन टीम को स्थिरता दी है. दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कैपिटल्स को फायदा हुआ है. उसका हर खिलाड़ी फाइनल में अपना बेस्ट देने के लिए तैयार होगा. लेकिन दिल्ली कैपिटल्स को अगर मिथक तोड़ना है तो उसे अहम मौकों पर अच्छा खेलना होगा.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.