Pakistan U19 batter bizarrely runs: हरारे में इंग्लैंड अंडर-19 ने पाकिस्तान को 37 रन से हराया. पाक बैटर अली रजा के आउट होने का तरीका सोशल मीडिया पर मजाक का मुद्दा बन गया. जिस तरह से उन्होंने थ्रो को विकेटकीपर तक जाने के लिए खुद को पीछे कर रास्ता बनाया और फिर विकेट गंवा बैठे उसे देख किसी को भी हंसी आ जाएगी.
पाकिस्तान के अंडर 19 बल्लेबाज अली रजा का रन आउट देख हंसी छूट जाएगी
नई दिल्ली. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अपने बोर्ड और देश की जगहसाई कराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे. एक तरफ मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम की बिग बैश लीग में बेइज्जती हो रही है तो जूनियर खिलाड़ी अंडर 19 वर्ल्ड कप में देश की नाक कटा रहे हैं. इंग्लैंड अंडर-19 ने शुक्रवार को हरारे के ताकाशिंगा स्पोर्ट्स क्लब में अपने वर्ल्ड कप अभियान की शानदार शुरुआत की और पाकिस्तान को 37 रन से हरा दिया. मैच का अंत एक अजीब वाकये के साथ हुआ जब पाकिस्तान के बल्लेबाज अली रजा की गलती के चलते वह मजाकिया तरीके से रन आउट हो गए.
यह घटना 47वें ओवर की तीसरी गेंद पर हुई, जब मोमिन कमर ने मैनी लम्सडेन की गेंद पर एक रन लेने की कोशिश की. रजा स्ट्राइकर एंड तक पहुंच गए थे, लेकिन फील्डर के थ्रो से बचने के चक्कर में वह क्रीज से बाहर निकल गए और गेंद को विकेटकीपर तक जाने दिया. इंग्लैंड के कप्तान थॉमस रियू ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और रजा के क्रीज में वापस आने से पहले ही गिल्लियां गिरा दीं. बल्लेबाज ने वापसी की कोशिश की, लेकिन तब तक गिल्लियां उड़ चुकी थीं.