Novak Djokovic australian open 2026: दुनिया के पूर्व नंबर वन टेनिस खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच रविवार से खेले जाने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन में 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब के इरादे से उतरेंगे. हालांकि जोकोविच के लिए खिताब की राह आसान नहीं रहने वाली हैं. उनके सामने यानिक सिनर और अल्ज्काराज की मुश्किल चुनौती होगी. पिछले कुछ समय से जोकोविच के लिए ये दोनों खिलाड़ी मुश्किलें पैदा कर रहे हैं.
नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) ने शनिवार को ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले कहा, ‘2025 में मैंने सिनर या अल्काराज के खिलाफ चार ग्रैंड स्लैम मैचों में से तीन में हार का सामना किया.’ उन्होंने मजाक में कहा, ‘हमें उनकी ज्यादा तारीफ करने की जरूरत नहीं है. उनकी तारीफ पहले ही काफी हो चुकी है. हम जानते हैं कि वे कितने अच्छे खिलाड़ी हैं. वे उस मुकाम के हकदार हैं जहां वे हैं. वे इस समय पुरुष टेनिस में सबसे मजबूत खिलाड़ी हैं.’

नोवाक जोकोविच करियर का 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने उतरेंगे.
जोकोविच अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में तीसरा सीजन शुरू कर रहे हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के लिए अपनी तैयारी में थोड़ा बदलाव किया है. उन्होंने अपने एकमात्र अभ्यास टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया ताकि युवा खिलाड़ियों का सामना करने के लिए पूरी तरह फिट रह सकें. 38 साल के जोकोविच खुद को मुकाबले में बनाए रखने के लिए हर कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने आखिरी बार 2023 में यूएस ओपन में ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था. तब से सिनर और अल्काराज ने आठ खिताब आपस में बांटे हैं. सिनर ऑस्ट्रेलियन ओपन में पिछले दो बार के चैंपियन हैं, जबकि अल्काराज मेलबर्न पार्क में खिताब जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करना चाहते हैं. जोकोविच ने पिछले साल इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में अल्काराज को हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण उन्हें मैच छोड़ना पड़ा था.

जोकोविच ने कहा, ‘सिनर और अल्काराज इस समय बाकी खिलाड़ियों से बिल्कुल अलग स्तर पर खेल रहे हैं. यह सच है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी और के पास मौका नहीं है. मुझे हमेशा अपनी जीत की उम्मीद रहती है.’ दस बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन जोकोविच सोमवार को रॉड लेवर एरिना में स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.