गावस्कर ने मिचेल की भी सराहना की, जिन्होंने विल यंग (87) के साथ 162 रन की साझेदारी करके मेहमान टीम की जीत सुनिश्चित की. गावस्कर ने ‘जियोहॉटस्टार’ पर कहा:
मुझे इस बात पर हैरानी हुई कि न्यूजीलैंड इतनी आसानी से जीत गया क्योंकि उनके बल्लेबाजी शुरू करने से पहले सभी को लगा था कि भारत पिच की धीमी गति का फायदा उठा पाएगा. सिर्फ स्पिनरों ने ही नहीं बल्कि उनके (न्यूजीलैंड के) सभी गेंदबाजों ने पिच की धीमी गति का अच्छी तरह से इस्तेमाल किया. ऐसा लगा कि भारत न्यूजीलैंड को लगभग 260 या 270 रन पर रोक पाएगा. मुझे लगा था कि यह भारत के लिए एक आसान जीत होगी.
गावस्कर ने कहा कि श्रृंखला के निर्णायक मैच में भारत पर दबाव होगा और टीम के पास यशस्वी जायसवाल जैसे किसी खिलाड़ी को आजमाने की गुंजाइश नहीं है, जिन्हें राजकोट में श्रृंखला जीतने की स्थिति में इंदौर में मौका दिया जा सकता था. उन्होंने कहा:
अगर वे (भारत) यह मैच जीत जाते तो उन्हें थोड़ा प्रयोग करने की आजादी होती. शायद उन खिलाड़ियों को मौका देते जो अब तक नहीं खेले हैं. जायसवाल जैसे किसी खिलाड़ी को भी थोड़ा मौका मिल सकता था. यह सब संभव हो सकता था, लेकिन अब वे कोई जोखिम नहीं ले सकते, उन्हें अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश के साथ खेलना होगा.
न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी साइमन डूल ने मिचेल की पारी और उन्होंने जिस तरह से कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा की भारतीय स्पिन जोड़ी का सामना किया उसकी तारीफ की. कुलदीप ने अपने 10 ओवर में 82 रन दिए और सिर्फ एक विकेट ले पाए तो वहीं जडेजा ने आठ ओवर में बिना कोई विकेट लिए 44 रन दिए. डूल ने कहा:
मिचेल के भारत के खिलाफ बहुत अच्छे आंकड़े हैं… हम इसे बार-बार देखते हैं, रिवर्स स्वीप, अपने पैरों का इस्तेमाल करना. कुलदीप के खिलाफ बहुत जल्द वह आगे बढ़कर खेले और पहले ही ओवर में उन पर दबाव डाला. उस पल से कुलदीप ने अपनी लय खो दी जो अक्सर नहीं होता है. यहां तक कि जडेजा के खिलाफ भी वह बहुत अच्छा खेला. जिस तरह से वह आगे बढ़कर खेल सकते हैं, अपने पैरों का इस्तेमाल कर सकते हैं, ऊपर से शॉट मार सकते हैं या आक्रामक रह सकते हैं और मैदान के दोनों तरफ शॉट खेल सकते हैं, रिवर्स स्वीप, बैकफुट शॉट, उनके पास सब कुछ है, यह उनका आत्मविश्वास दिखाता है.’
साइमन डूल ने गावस्कर से सहमति जताई कि निर्णायक मैच में मेजबान टीम पर दबाव होगा.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.