न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम की नजर भारत में वनडे सीरीज जीतने पर है. कीवी टीम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स का कहना है कि यह उनकी टीम के लिए खास पल है कि उनको सीरीज जीतने का मौका मिल रहा है.हालांकि फिलिप्स ने कहा कि भारत को उसके घर में हराना आसान नहीं होगा. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर है. दोनों टीमें रविवार को आखिरी वनडे में भिड़ेंगी.
भारत में 1988 के बाद पहली टेस्ट जीत दर्ज करते हुए न्यूजीलैंड ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. फिलिप्स ने कहा कि वह उपलब्धि जरूर प्रेरणा देती है, लेकिन लाल गेंद की सफलता और सीमित ओवरों की चुनौती की तुलना सीधे नहीं की जा सकती. रविवार को यहां होने वाले निर्णायक मैच से पहले फिलिप्स ने कहा, ‘इतिहास बनाने के मौके बहुत कम मिलते हैं और ये सच में खास होते हैं. लेकिन सिर्फ इसी पर ध्यान देने से मदद नहीं मिलती. एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के तौर पर हम हर पल को एक आम दिन की तरह लेने की कोशिश करते हैं.’ हाल ही में टेस्ट सीरीज जीतने के बावजूद फिलिप्स ने सफेद गेंद क्रिकेट की चुनौती की गंभीरता पर बात करते हुए कहा, ‘भारत में खेलना बहुत मुश्किल है और उनकी टीम शानदार है. यहां सफेद गेंद की चुनौती बिल्कुल अलग है और बहुत कम टीमें ऐसा कर पाई हैं.’

ग्लेन फिलिप्स ने भारत में वनडे सीरीज जीतने की भरी हुंकार.
न्यूजीलैंड के नजरिए को दोहराते हुए फिलिप्स ने कहा कि वर्तमान में रहना सबसे जरूरी है. उन्होंने कहा, ‘हम एक बार में एक मैच पर ही ध्यान देते हैं और हर बार मैदान पर उतरते समय अपना बेस्ट देने की कोशिश करते हैं.’
होलकर स्टेडियम की परिस्थितियों पर बात करते हुए फिलिप्स ने कहा कि शाम के वक्त ओस अहम भूमिका निभा सकती है. उन्होंने कहा, ‘नमी के कारण जैसे-जैसे तापमान गिरता है, मैदान काफी गीला हो सकता है. 34 ओवर के बाद सिर्फ एक गेंद का इस्तेमाल खेल का रुख बदल सकता है.’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.