Matt Henry on Abhishek Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा दुनिया भर के गेंदबाजों के लिए पिछले दो साल से काल बने हुए हैं. पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर राज करने वाले अभिषेक शनिवार को सीरीज के अंतिम टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेंगे. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने कहा कि उनकी टीम को अभिषेक पर दबाव बनाना होगा. उन्हें जल्दी पवेलियन भेजना होगा.
मैट हेनरी (Matt Henry) ने यहां पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘पिछले दो वर्षों से वह शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बल्कि आईपीएल में भी गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना कर रहे हैं. मुझे लगता है कि हम उन पर किस तरह से दबाव बनाते हैं यह हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है.’ उन्होंने कहा, ‘गेंदबाजी के नजरिए से यह चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जब आप किसी ओवर में मिला-जुला प्रदर्शन करते हैं तो उसके बाद किस तरह से वापसी करते हैं और कैसे अपना प्रभाव डालते हैं यह महत्वपूर्ण होता है.’

अभिषेक शर्मा को जल्दी आउट करने की फिराक में कीवी टीम.
हेनरी ने कहा, ‘सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी सटीक गेंदबाजी करते हैं. आपको अपने काम में सटीक होना होगा और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी होगी.’ हेनरी ने उम्मीद जताई कि भारत के खिलाफ इस श्रृंखला में खेलना आगामी टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए उपयोगी साबित होगा.
हेनरी ने कहा, ‘मेरे लिए टी20 क्रिकेट आत्मविश्वास से जुड़ा मामला है. जब आप दबाव में हों तो आप कैसे वापसी करते हैं और बल्लेबाजों को किस तरह से चुनौती देते हैं, यह महत्वपूर्ण होता है. लगातार खेलते रहने से आप निरंतर सीखते रहते हैं और मुझे लगता है कि हमारे लिए इस श्रृंखला का यह महत्वपूर्ण पहलू है. इस तरह के दबाव में आना कभी अच्छा नहीं लगता, लेकिन हम जानते थे कि दीर्घकालिक लक्ष्य विश्व कप की तैयारी करना था और जब टीमें इस तरह से शानदार प्रदर्शन कर रही हों तो आप उन पर दबाव कैसे डाल सकते हैं.’
उन्होंने कहा, ‘इस तरह से देखा जाए तो यह सीरीज हमारे लिए सकारात्मक रही है. हमारे खिलाड़ी आखिरी मैच में भी आत्मविश्वास बनाए रखें यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है.’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.