- Hindi News
- Sports
- Winter Olympics Begin In Italy, 92 Countries Are Participating, Sarah Schleper, Lasse Federico Gaxiola
- कॉपी लिंक
2011 में जब सारा ने पहली बार संन्यास लिया था, तब उन्होंने अपनी अंतिम रेस में 4 साल के लासे को गोद में उठाकर स्कीइंग की थी। – फाइल फोटो
विंटर ओलिंपिक 2026 का आगाज हो चुका है और इस समय सबसे ज्यादा चर्चा मैक्सिको की मां-बेटे की जोड़ी, सारा श्लेपर (47) और लासे फेडेरिको गैक्सियोला (18) की हो रही है। विंटर ओलिंपिक के 102 साल के इतिहास में पहली बार मां और बेटा दुनिया के सबसे बड़े खेल मंच पर एक साथ मुकाबला करते नजर आएंगे। यह जोड़ी इस साल के पांच सदस्यीय मैक्सिकन दल का हिस्सा है, जो गेम्स में देश का अब तक का सबसे बड़ा एथलीट दल है।
सारा श्लेपर का यह सातवां ओलिंपिक है, जो किसी भी महिला अल्पाइन स्कीयर के लिए एक रिकॉर्ड है। 1998 में नागानो ओलिंपिक से अपने सफर की शुरुआत करने वाली सारा ने 4 बार अमेरिका और 3 बार मैक्सिको का प्रतिनिधित्व किया है। 47 साल की सारा ओलिंपिक विंटर खेलों में भाग लेने वाली इतिहास की सबसे उम्रदराज महिला अल्पाइन स्कीयर हैं।
वहीं, 18 साल के लासे का यह ओलिंपिक डेब्यू है। लासे का नाम दिग्गज नार्वेजियन चैम्पियन लासे क्युस के नाम पर रखा गया है। लासे कहते हैं कि गर्व है कि हम एक साथ इस मंच पर हैं। बता दें कि 2011 में जब सारा ने पहली बार संन्यास लिया था, तब उन्होंने अपनी अंतिम रेस में 4 साल के लासे को गोद में उठाकर स्कीइंग की थी। अब वही ‘छोटा बच्चा’ अपनी मां के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मुकाबला कर रहा है।
अमेरिका में जन्मी सारा ने 1998 से 2010 के बीच अमेरिका के लिए ओलिंपिक में भाग लिया था। 2014 में मैक्सिकन कोच फेडेरिको गैक्सियोला से शादी के बाद उन्होंने मैक्सिको की नागरिकता प्राप्त की। तब से वह मैक्सिकन विंटर स्पोर्ट्स का चेहरा बन गई हैं और दो विंटर ओलिंपिक मैक्सिको से खेले।
मिलान के सैन सिरो स्टेडियम में विंटर गेम्स का भव्य आगाज
मिलान और कोर्टिना के बीच विंटर ओलिंपिक की भव्य शुरुआत हुई। इतिहास में पहली बार दो अलग स्थानों पर मशालें जलाई गईं। सैन सिरो स्टेडियम में 92 देशों के एथलीटों ने परेड में हिस्सा लिया।
इस बार यूएई ने 2026 में पहली बार कदम रखा है। उन्होंने ‘स्काई दुबई’ जैसे इंडोर स्की सेंटरों और यूरोप में कड़ी ट्रेनिंग के जरिए दो एथलीटों को तैयार किया। वहीं भारत की ओर से स्तांजिन लुंदुप क्रॉस-कंट्री स्कीयर में और आरिफ खान अल्पाइन स्कीइंग में भाग ले रहे हैं। अमेरिकी स्कीइंग दिग्गज लिंडसे वॉन 41 साल की उम्र में संन्यास से लौटी हैं।
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.