देश की दिग्गज महिला पहलवान एवं हरियाणा की जुलाना सीट से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है। विनेश ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) द्वारा आयोजित होने वाले आगामी रैंकिंग टूर्नामेंट के स्थान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि टूर्नामेंट का आयोजन बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्र में किया जा रहा है, जहां निष्पक्षता की उम्मीद करना बेमानी है। बड़ी मेहनत से की है वापसी की तैयारी वीडियो की शुरुआत में विनेश ने भावुक होते हुए कहा, आप सभी को नमस्कार। जैसा कि आप जानते हैं, मैं पिछले डेढ़ साल से रेसलिंग मैट से दूर थी। लेकिन कुछ महीनों पहले ही मैंने दोबारा तैयारियां शुरू की हैं। मैं पूरी ईमानदारी और मेहनत से अभ्यास कर रही हूं ताकि पहले की तरह देश के लिए मेडल जीत सकूं। विनेश ने बताया कि वह अपने प्रशंसकों के साथ कुछ जरूरी बातें साझा करना चाहती हैं जो खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ी हैं। गोंडा में आयोजन पर उठाए सवाल विनेश ने फेडरेशन के उस फैसले पर उंगली उठाई है जिसके तहत रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश के गोंडा में किया जा रहा है। विनेश के अनुसार गोंडा बृजभूषण शरण सिंह का घर है और जिस जगह टूर्नामेंट हो रहा है, वह उनका प्राइवेट कॉलेज है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि ऐसी जगह पर मेहनत करने वाले हर खिलाड़ी को उसका हक मिलेगा, यह पूरी तरह से नाममुकिन और इम्पॉसिबल है। विनेश का इशारा साफ था कि बृजभूषण के दबदबे वाले इलाके में टूर्नामेंट आयोजित कर फेडरेशन उन पहलवानों को मानसिक रूप से दबाने की कोशिश कर रहा है जिन्होंने पिछले दिनों विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। उन्होंने आशंका जताई कि वहां का माहौल खिलाड़ियों के लिए असुरक्षित हो सकता है और फैसलों में भेदभाव होने की पूरी संभावना है।
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.