Last Updated:
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को खेले जाने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में मिस्ट्री स्पिनर का बोलबाला रहेगा. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम की स्लो पिच पर वरुण चक्रवर्ती, अबरार अहमद और उस्मान तारिक की तिकड़ी अहम रोल अदा करेगी. इन तीनों गेंदबाजों को खेलना दोनों टीमों के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा.
भारत और पाकिस्तान के बीच रिवार को वर्ल्ड कप का मुकाबला खेला जाएगा.
कोण में हल्के बदलाव के साथ वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) कई दूसरे स्पिनरों की तुलना में तेज गेंदबाजी करते हैं (औसत 95 किमी प्रति घंटा). हालांकि यह पिच उन्हें अपनी रफ्तार धीमी करने पर मजबूर कर सकती है. भारत के पूर्व स्पिनर सुनील जोशी ने कहा, ‘ऐसी रफ्तार और कोण पर, लेंथ ज्यादा जरूरी है. वरुण की लेंथ आदर्श है, इसलिए बल्लेबाज आराम से पीछे नहीं हट सकते और पुल या बड़े शॉट नहीं खेल सकते. वह अपनी लेंथ से बल्लेबाजों के मन में बहुत सारे सवाल पैदा कर सकते हैं.’
यह बाबर आजम जैसे बल्लेबाज के लिए अच्छा नहीं है, जो चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं और चक्रवर्ती की गेंदों पर संघर्ष करते रहे हैं. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अब भी शुरू से ही संघर्ष कर रहे हैं और अमेरिका के खिलाफ पिछले मैच में उनकी हिचकिचाहट दिखी थी. लेकिन पाकिस्तान के पास चक्रवर्ती का मजबूत जवाब है तारिक. उनकी ‘पॉज एंड स्लिंग’ गेंद डालने की स्टाइल ने क्रिकेट में पहले ही काफी चर्चा शुरू कर दी है. अब रविवार को यह ऑफ स्पिनर भारत के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को रोकना चाहेगा. कुछ लोगों को उनमें श्रीलंकाई गेंदबाज लसिथ मलिंगा की झलक दिखती है.
पाकिस्तान सुपर लीग में तारिक की टीम क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मैनेजर नबील हाशमी ने कहा, ‘उनका एक्शन उन्हें गेंद को बल्लेबाज की आई लाइन से नीचे रखने में मदद करता है, इसलिए उन्हें हिट करना आसान नहीं है. ऐसा लगता है जैसे हर गेंद पर यॉर्कर खेल रहे हों.’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन इससे भी ज्यादा, तारिक एक परिपक्व इंसान हैं जो अपने खेल को समझते हैं और बल्लेबाज को अच्छी तरह पढ़ते हैं. वह कुछ मुश्किलों से गुजरे हैं. पूरा एक्शन और ‘मिस्ट्री’ उनकी गेंदबाजी को और निखारती है.’
अबरार को थोड़ा कम आंका गया है और भारतीय बल्लेबाज भी उनके खिलाफ कुछ बार खेल चुके हैं, लेकिन प्रेमदासा जैसी पिच पर यह लेग स्पिनर अब भी मुश्किल हो सकता है. 27 साल का यह गेंदबाज खिलाड़ियों को चौंकाने के लिए गुगली और कैरम बॉल पर निर्भर रहता है और उसके 49 टी20 इंटरनेशनल विकेट में से 34 इन्हीं दो गेंदों की वजह से मिले हैं.
श्रीलंका के पूर्व स्पिनर उपुल चंदना ने कहा, ‘प्रेमदासा अक्सर स्पिनरों को अच्छी मदद देता है. अगर आपने देखा हो कि श्रीलंका के स्पिनर यहां कैसे खेलते हैं, तो आपको बस गेंद को सही जगह पिच करनी है और बाकी काम ट्रैक कर देगा. अगर स्पिनरों को सही लेंथ मिल जाए तो वे आसानी से बोल्ड या पगबाधा आउट कर सकते हैं.’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.