पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपने मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया है. हालांकि इसको लेकर अब तक कुछ भी साफ नहीं हो पाया है. जानकारी के मुताबिक आईसीसी के सामने पीसीबी ने मैच खेलने के लिए शर्त रखा है. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया था कि भारतीय टीम अपने बहुप्रतीक्षित वर्ल्ड कप मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है, जो 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होना है.
कोलंबो में गुरुवार को कैप्टन्स मीडिया ब्रीफिंग के दौरान सूर्यकुमार ने जोर देकर कहा कि भारत का रुख ग्रुप ए के पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से पहले बिल्कुल साफ है. “हमारा माइंडसेट साफ है, हम खेलेंगे. हमारी फ्लाइट बुक है, हम जा रहे हैं. बाकी, वे खुद देख लें. उनका फैसला मेरे कंट्रोल में नहीं है,” सूर्यकुमार ने आईसीसी के अनुसार कहा. “हमने एशिया कप (2025) खेला, हमने उन्हें (पाकिस्तान) न्यूट्रल वेन्यू पर खेला. हम तैयार हैं और कोलंबो जा रहे हैं. हमें बताया गया है कि 15 फरवरी को हमारा मैच है.”
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक होगा, जिसमें भारत अपनी शुरुआत 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ करेगा और दूसरा ग्रुप मैच 12 फरवरी को खेलेगा. डिफेंडिंग चैंपियन टीम इंडिया ग्रुप ए में नामीबिया, नीदरलैंड्स, यूएसए और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ है.
भारत की टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.
पाकिस्तान की टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफाय (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), साइम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.