Sri Lanka cricket board urges PCB to reconsider: श्रीलंका ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को लेटर लिखा है. एसएलसी ने पीसीबी से कहा है कि वह भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार न करे.श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पीसीबी को याद दिलाया है कि साल 2009 में कैसे उसने पाकिस्तान की मदद की थी. जब कोई भी टीम पाकिस्तान जाने से इनकार कर रही थी तब श्रीलंका ने उसकी मदद की.
क्रिकेट श्रीलंका ने पाकिस्तान को 2009 की घटना याद दिलाई.
अब एसएलसी के पीसीबी को पत्र लिखने के बाद इस मामले में नया मोड़ आ सकता है. एसएलसी के सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि उनकी कार्यकारी समिति की मंगलवार को बैठक हुई थी और उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पत्र लिखने का फैसला किया जिसमें पाकिस्तान से उनके फैसले पर फिर से विचार करने की अपील की गई. यह पत्र आखिरकार गुरुवार को भेजा गया.
पत्र में एसएलसी ने पीसीबी को पर्यटन पर पड़ने वाले संभावित बुरे असर के बारे में भी बताया जिसमें होटल बुकिंग और फ्लाइट टिकट रद्द होना और सप्लायर्स को होने वाली परेशानी शामिल है. एसएलसी ने पत्र में यह भी कहा कि वह प्रेमदासा स्टेडियम में मैच की मेजबानी के लिए तैयार है और सभी टिकट बिक चुके हैं. न्यूजवायर के मुताबिक एसएलसी ने पीसीबी को चेतावनी दी कि ऐसे बड़े मैच से हटने के दूरगामी नतीजे होंगे जिसमें बड़ा आर्थिक नुकसान, उम्मीद से कम टूरिज्म इनकम और आर्थिक गिरावट शामिल है.
पत्र में एसएलसी ने पीसीबी को यह भी याद दिलाया कि उसने मुश्किल और संवेदनशील हालात में, जब दूसरे देश पाकिस्तान आने से हिचकिचा रहे थे, तब कई बार पाकिस्तान का दौरा किया और पाकिस्तान क्रिकेट को इंटरनेशनल अलगाव से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई थी. यह उस वक्त की बात है जब 2009 में लाहौर में श्रीलंकाई टीम की बस पर आतंकी हमला हुआ था और देशों ने पाकिस्तान जाना बंद कर दिया था.
श्रीलंका की एक न्यूज वेबसाइट के मुताबिक एसएलसी ने कहा कि उसे उम्मीद है कि आपसी सहयोग की यही भावना आगे भी बनी रहेगी. गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ किया कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए कोलंबो जाएगी जबकि पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा कि उनकी टीम अपनी सरकार के आदेश का पालन करेगी. आईसीसी टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने से 25 करोड़ डॉलर तक का नुकसान हो सकता है.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.