ग्रुप स्टेज में कमाल का प्रदर्शन करने वाले शिवम दुबे सुपर-8 में लय में नजर नहीं आए हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत को मिली 76 रन से बड़ी हार में शिवम दुबे की गेंदबाजी कुछ खास नहीं रही थी. उन्होंने दो ओवर गेंदबाजी की और 16 की इकॉनमी से 32 रन लुटा दिए. उम्मीद थी जिम्बाब्वे के खिलाफ वापसी की तो यहां वह और महंगे साबित हुए. जिम्बाब्वे के खिलाफ तो दुबे ने दो ओवर में 46 रन खर्च कर दिए. इसने भारत के लिए समस्या खड़ी कर दी है. इस प्रदर्शन के बाद देखना यह होगा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मैनेजमेंट उन्हें प्लेइंग-11 का हिस्सा बनाएगा या नहीं.
शिवम दुबे की गेंदबाजी चिंता का विषय.
करो या मरो मुकाबला
वेस्टइंडीज की साउथ अफ्रीका से हार और भारत की जिम्बाब्वे पर जीत के बाद यह मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा हो गया है. दोनों टीमें पूरी ताकत लगाएंगी, इसलिए ईडन गार्डन्स में रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है. इस मैच के विजेता को इंग्लैंड के खिलाफ 5 मार्च को सेमीफाइनल खेलने का मौका मिलेगा. भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया, सभी बल्लेबाज सही समय पर फॉर्म में लौट आए हैं, अब गेंदबाजों की बारी है.
भारतीय क्रिकेट टीम.
बल्लेबाजों ने दिखाया दम
जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन समेत सभी छह बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान दिया. संजू ने 24 रन बनाए, लेकिन शुरुआत में रन गति तेज कर दी, जिससे बाकी बल्लेबाजों को भी फायदा मिला. उनके आक्रामक खेल से अभिषेक शर्मा का आत्मविश्वास बढ़ा, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में पहले तीन मैचों में 0 पर आउट होने के बाद अर्धशतक लगाया. तिलक वर्मा ने भी नंबर छह पर 16 गेंदों में 44 रन बनाए. भारत ने चार विकेट पर 256 रन बनाए, जो इस टी20 विश्व कप का सबसे बड़ा स्कोर है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे बिना चिंता के ईडन गार्डन्स पहुंचेंगे.
वरुण चक्रवर्ती की भी लय बिगड़ी
जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्शदीप सिंह ने अच्छी गेंदबाजी की, बुमराह और पंड्या ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन वरुण चक्रवर्ती अपने पुराने फॉर्म में नहीं हैं. वरुण अपनी लेंथ सही से कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने चार ओवर में 47 रन दिए. जिम्बाब्वे के खिलाफ भी फुल लेंथ गेंदें डालने की कोशिश की, लेकिन खास सफलता नहीं मिली. इस मैच में सिकंदर रजा ने उन्हें निशाना बनाया, वरुण ने चार ओवर में 35 रन दिए. अब देखना है कि टीम चक्रवर्ती को अंतिम एकादश में रखती है या कुलदीप यादव को शामिल करती है. कुलदीप ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच (पाकिस्तान के खिलाफ) खेला है.
भारत की संभावित प्लेइंग-11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.