सहरसा: पंजाब के मोगा में आयोजित राष्ट्रीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में बिहार के सहरसा जिले की बेटी निशा कुमारी ने ऐतिहासिक सफलता हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. इस प्रतियोगिता की वोटिंग रेस श्रेणी में निशा कुमारी ने स्वर्ण पदक यानी गोल्ड मेडल जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. जिसके बाद निशा सहरसा जिले की पहली लड़की बन गई हैं. जिन्होंने इस खेल में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने का गौरव प्राप्त किया है.
ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में हुआ चयन
इस बड़ी उपलब्धि के बाद निशा कुमारी को अंतरराष्ट्रीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता के लिए भी चयनित किया गया है. उनकी इस उपलब्धि पर न केवल खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है, बल्कि जिला प्रशासन ने भी उन्हें सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया है. जिला प्रशासन का कहना है कि निशा जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी युवाओं खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा हैं.
राष्ट्रीय स्तर की यह ड्रैगन बोट प्रतियोगिता
पंजाब के मोगा जिले में सतलुज नदी में आयोजित की गई थी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया यह खेल देखने में बोटिंग रेस जैसा होता है, जिसमें एक लंबी नाव पर कई खिलाड़ी एक साथ तालमेल के साथ पैडल चलाते हैं. इसे एक तरह से टीमवर्क पर आधारित बोटिंग रेस भी कहा जाता है, जहां गति, संतुलन और समन्वय की अहम भूमिका होती है.
नियमित अभ्यास से मिली मंजिल
अपनी सफलता को लेकर निशा कुमारी ने बताया कि यह सफर आसान नहीं था. कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और परिवार के सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच सकी हैं. निशा ने कहा गोल्ड मेडल जीतना मेरे लिए गर्व का क्षण है इसके बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होना मेरे सपनों को और मजबूत करता है उन्होंने आगे बताया कि चयनित खिलाड़ी अब स्पेन में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं.
देश के लिए पदक जीतने का है सपना
निशा कुमारी की इस उपलब्धि से
सहरसा जिले में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों खेल प्रेमियों और युवाओं ने उनकी सफलता की सराहना की है. खासकर ग्रामीण इलाकों की बेटियों के लिए यह सफलता एक मजबूत संदेश देती है कि यदि मेहनत और लगन हो, तो किसी भी मंच तक पहुंचा जा सकता है. जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में निशा जैसी खिलाड़ी और आगे बढ़ेंगी और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी वहीं, निशा कुमारी ने भी कहा कि वह आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए पूरी तैयारी करेंगी और देश के लिए पदक जीतने का हर संभव प्रयास करेंगी .