शनिवार को आईपीएल मैच में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया, जिसके बाद टीम की को-ऑनर प्रीति जिंटा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर कर टीम और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए जीत की बधाई दी। प्रीति ने अपनी पोस्ट में सबसे पहले विरोधी टीम दिल्ली कैपिटल्स के बैट्समैन केएल राहुल की शानदार पारी के लिए उन्हें बधाई दी। वहीं, प्रीति ने अपनी टीम को लेकर लिखा, “श्रेयस अय्यर, यह जीत रिकॉर्ड में दर्ज हो जाएगी। आज वाकई गर्मी थी।” साथ ही उन्होंने प्रभसिमरन सिंह, प्रियंश आर्या, नेहाल वढेरा और शशांक सिंह की भी तारीफ की।
265 रन चेज, पंजाब ने रचा इतिहास मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने टी20 इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्यों में से एक 265 रन का सफल पीछा किया। दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने 67 गेंदों में 152 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली। इसके साथ वह आईपीएल में 150 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने। उन्होंने भारत के पुरुष टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, हालांकि उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। पंजाब किंग्स ने इससे पहले 2024 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन का पीछा कर रिकॉर्ड बनाया था। इस बार टीम ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स छह जीत और एक बिना रिजल्ट वाले मैच के साथ 13 अंकों पर पहुंच गई है और अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स तीन जीत और चार हार के साथ छठे स्थान पर है, जिसके छह अंक हैं।
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.