Lakshya Sen reaches second round: लक्ष्य सेन ने इंडिया अेापन बैडमिंटन सुपर 750 टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की. युवा शटलर ने हमवतन आयुष शेट्टी को हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया.वहीं पुरुष युगल में चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी का वाकओवर मिला है.
2022 के चैंपियन लक्ष्य सेन ने आईजी स्टेडियम में खेले जा रहे इस 9,50,000 डॉलर इनामी टूर्नामेंट के पहले दौर में आयुष को सिर्फ 36 मिनट में 21-12, 21-15 से हराया. आयुष पहली बार इंडिया ओपन में खेल रहे थे. 24 साल के लक्ष्य अगले दौर में जापान के केंता निशिमोतो से भिड़ेंगे, जिन्होंने 21-6, 7-5 के स्कोर पर अपने सातवें वरीय साथी कोडाई नारोका के हटने से दूसरे दौर में जगह बनाई. लक्ष्य ने अच्छा खेल दिखाया और माहौल के साथ जल्दी सामंजस्य बैठा लिया. आयुष ने कुछ मौकों पर अच्छी टक्कर दी, लेकिन लक्ष्य का बड़े मुकाबलों का अनुभव उनके काम आया.

लक्ष्य सेन ने आयुष को सीधे गेम में हराकर अगले दौर में प्रवेश किया.
मैच के बाद लक्ष्य ने कहा, ‘मैंने अच्छी शुरुआत की. यहां काफी ठंड है और मुझे लगा था कि शटल धीरे आएगी, लेकिन शटल काफी तेज थी और हॉल बड़ा होने के कारण हवा की वजह से ड्रिफ्ट भी था, जिससे दूसरे गेम में थोड़ी परेशानी हुई. हालांकि थोड़ी देर बाद मैं सामंजस्य बैठा पाया और उम्मीद है कि अगले गेम में और अच्छा करूंगा.” लक्ष्य ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए 20 साल के आयुष को पहले गेम में कोई मौका नहीं दिया. पिछले कुछ समय से लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे लक्ष्य ने अपने दमदार स्मैश और नेट पर अच्छे खेल से 11-3 की बढ़त बना ली.
आयुष ने कुछ हद तक वापसी करते हुए स्कोर 12-17 किया, लेकिन फिर भी लक्ष्य को पहला गेम जीतने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. दूसरे हाफ में आयुष ने बेहतर खेल दिखाया और लक्ष्य की कमजोरियों का फायदा उठाकर 5-1 की बढ़त बनाई. लक्ष्य ने लगातार चार अंक लेकर स्कोर 4-5 किया और फिर 6-6 पर बराबरी कर ली. इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच हर अंक के लिए कड़ी टक्कर हुई, लेकिन आयुष ब्रेक तक 11-10 की मामूली बढ़त बना पाए. लक्ष्य ने लगातार दो अंक लेकर 12-11 की बढ़त बनाई और फिर स्कोर 15-12 कर लिया. लक्ष्य ने 19-14 पर आयुष के शॉट बाहर जाने पर छह मैच प्वाइंट हासिल किए.
आयुष ने स्मैश से एक मैच प्वाइंट बचाया, लेकिन अगले अंक पर शटल नेट के पार नहीं भेज पाए, जिससे लक्ष्य ने गेम और मैच जीत लिया. आयुष ने कहा, ‘उसने बहुत अच्छा खेला. दूसरे गेम में मैंने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन जब उसने बराबरी कर ली तो मैं दबाव में आ गया और फिर उसने मुझे वापसी का मौका नहीं दिया.’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.