Nitish Kumar Reddy: पूर्व खिलाड़ियों आकाश चोपड़ा, रॉबिन उथप्पा और मनोज तिवारी ने कहा कि भारत के युवा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दिया जाना चाहिए और क्रिकेट जगत को जल्दबाजी में उन्हें लेकर कोई फैसला नहीं करना चाहिए.
मैच के बाद भारत के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि मौके मिलने के बावजूद रेड्डी अक्सर बड़ा प्रभाव डालने में नाकाम रहे हैं. इन टिप्पणियों से इस युवा खिलाड़ी की भूमिका को लेकर बहस छिड़ गई. उथप्पा ने पीटीआई से कहा, ‘ऑलराउंडर बनना आसान नहीं है. आपको दो कौशल में महारत हासिल करनी होती है. रविंद्र जडेजा रातों-रात ऐसे नहीं बने, ना ही हार्दिक पंड्या. वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बिताए समय की वजह से पूर्ण खिलाड़ी बने. नीतीश रेड्डी को भी उस समय की जरूरत है.’

नीतीश रेड्डी के सपोर्ट में पूर्व क्रिकेटर्स.
इस युवा खिलाड़ी का समर्थन करते हुए पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज चोपड़ा ने कहा कि रेड्डी को प्रभाव डालने के लिए काफी मौके नहीं दिए गए हैं. चोपड़ा ने कहा, ‘हम उसे नंबर सात पर बल्लेबाजी करवाते हैं जहां उसे सीमित मौके मिलते हैं और वह बहुत कम ओवर गेंदबाजी करता है. अगर आप मौके नहीं देते हैं तो किसी भी युवा क्रिकेटर के लिए असर डालना मुश्किल हो जाता है जब तक कि आप सलामी बल्लेबाज या नई गेंद के गेंदबाज नहीं हों. चोपड़ा ने साथ ही कहा कि रेड्डी लंबे समय तक मौके के हकदार हैं.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर से राजनेता बने तिवारी को लगता है कि रेड्डी की फॉर्म में गिरावट मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने के बाद शुरू हुई. तिवारी ने कहा, ‘उस पारी के बाद नितीश के प्रदर्शन में गिरवाट शुरू हुई. अधिक जश्न ने शायद उसे प्रभावित किया हो. अब उनके लिए बेसिक्स पर लौटने और सब कुछ ठीक करने का समय है.’ तिवारी ने साथ ही कहा कि भारत को इस युवा खिलाड़ी को अधिक गेंदबाज़ी करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘भारत में तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर बहुत कम हैं.’
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.