IPL Ticket Price : साल 2008 में आईपीएल की शुरुआत हुई थी, तब टिकटों की कीमतें काफी कम थीं. अब साल 2026 में टिकट का दाम 4 गुना से भी ज्यादा बढ़ चुका है. साल 2025 में जीएसटी बढ़ने के बाद टिकट और भी महंगा हो चुका है. पहले संस्करण के बाद से अब तक इसमें कितना इजाफा हुआ, इसकी जानकारी आपको डिटेल में देते हैं.
आईपीएल के टिकट 2008 से अब तक 4 गुना महंगा हो चुके हैं.
वैसे तो आईपीएल में टिकट की कीमतें स्टेडियम, लोकेशन, मैच की कैटेगरी (सेमी फाइनल, फाइनल या प्लेऑफ), सीट की कैटेगरी और टीम पर निर्भर करती है. जैसे चेन्नई, मुंबई, बैंगलुरु जैसी स्टार से सजी टीम के आईपीएल टिकट अमूमन महंगे होते हैं. साल 2025 में आईपीएल मैचों के टिकट पर जीएसटी बढ़ा दिया गया है, जिसके बाद 2026 के संसकरण की टिकटें और महंगी हो जाएंगी.
इस बार कितनी होगी टिकट की शुरुआती कीमत
आईपीएल 2026 के तहत एंट्री लेवल पर टिकट की कीमत 400 रुपये से लेकर 2,100 रुपये तक हो सकती है. स्टेडियम के मुताबिक भी इसका दाम बदल जाता है. जैसे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टिकट की शुरुआती कीमत 400 से 500 रुपये होगी, तो मुंबई के वानखेड़े में 900 से 1,000 रुपये की शुरुआती कीमत होगी. बैंगलुरु में तो शुरुआती कीमत 2,100 रुपये तक पहुंच जाती है, जबकि दिल्ली, लखनऊ, जयपुर जैसे शहरों में शुरुआती कीमत 700 से 800 रुपये के बीच होती है.
मिड और प्रीमियम टिकट की कितनी कीमत
आईपीएल 2026 के लिए मिड रेंज की औसत कीमत 1,000 से लेकर 5 हजार रुपये तक हो सकती है. प्रीमियम टिकट की कीमत 15 हजार से शुरू होकर 35 और 50 हजार तक जा सकती है. साल 2008 के मैचों में टिकट कीमतों को देखें तो एंट्री लेवल पर यह 100 रुपये से लेकर 250 रुपये तक थी, जबकि मिड रेंज की टिकट की कीमतें 500 से 2 हजार रुपये तक में बिकी थी. आईपीएल के पहले संस्करण में प्रीमियम और वीआईपी टिकटों का दाम 5 हजार से लेकर 12 हजार रुपये तक रहा था. इस लिहाज से देखा जाए तो टिकट की कीमतों में 4 गुना से भी ज्यादा का इजाफा हो चुका है.
जीएसटी बढ़ने से महंगा हुआ टिकट
साल 2025 में आईपीएल मैचों के लिए टिकटों पर जीएसटी भी बढ़ा दिया गया है, जो पहले 28 फीसदी था और अब 40 फीसदी हो गया है. जैसे अगर किसी टिकट का बेस प्राइस 500 रुपये है तो 2025 में 28 फीसदी जीएसटी लगाकर उसकी कीमत 640 रुपये होती, जबकि 2026 में यह 40 फीसदी जीएसटी लगाने से 700 रुपये हो जाएगी. यही हाल मिड लेवल और प्रीमियम टिकटों का भी होता है. इनकी कीमतें भी पिछले से ज्यादा बढ़ गई हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.