Kuldeep Yadav Coach Opinion Pakistan Cricket Team: भारत के साथ मैच खेले जाने को लेकर पाकिस्तान की तरफ से आ रही अलग-अलग बातों को लेकर चर्चाएं हो रही हैं. इसी बीच स्पिनर कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडे ने अपनी प्रतिक्रिया दी और इसे एक तरह का षड्यंत्र करार दिया.
खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश
कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडे का कहना है कि पाकिस्तान की तरफ से बार-बार मैच खेलने को लेकर अनिश्चितता वाली बातें सामने आना सामान्य बात नहीं है. उन्होंने कहा कि यह एक रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है, जिससे भारतीय खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बनाया जाए. कपिल पांडे ने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान पर भरोसा करना आसान नहीं है.
उनके मुताबिक, इस तरह की बातें बड़े मैचों से पहले माहौल बनाने के लिए कही जाती हैं, ताकि खिलाड़ियों का फोकस थोड़ा भटके. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय खिलाड़ी अब काफी अनुभवी हैं और ऐसे दबाव को संभालना जानते हैं.
आखिरी वक्त पर बदल सकता है रुख
कपिल पांडे ने कहा कि पाकिस्तान का रुख कभी भी बदल सकता है. उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की बयानबाजी से अनिश्चितता का माहौल बनाया जाता है. उनका कहना है कि यह भी एक तरह का षड्यंत्र हो सकता है, जिससे मैच से पहले मानसिक खेल खेला जाए. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी का काम सिर्फ मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना है. ऐसे माहौल में भी भारतीय टीम अपने खेल पर ध्यान रखती है और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करती है. इसीलिए उन्हें इन बातों को ज्यादा गंभीरता से नहीं लेना चाहिए.
फैंस में भी चर्चा तेज
भारत-पाकिस्तान मैच की चर्चा शुरू होते ही फैंस के बीच भी अलग ही उत्साह देखने को मिलता है. कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि दोनों टीमों का मुकाबला हमेशा खास होता है और इसे देखने का इंतजार रहता है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि मैच से पहले इस तरह की बातें सामने आना अब आम हो गया है.
लोगों का कहना है कि खेल को खेल की भावना से खेला जाना चाहिए और खिलाड़ियों को मैदान पर ही अपनी ताकत दिखानी चाहिए. हालांकि, बयानबाजी और चर्चाओं से मुकाबले का रोमांच जरूर बढ़ जाता है. पाकिस्तान की तरफ से आ रही बातों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है. वहीं क्रिकेट से जुड़े लोग इसे रणनीति और मानसिक खेल के तौर पर भी देख रहे हैं. फिलहाल सबकी नजरें आने वाले मुकाबलों पर टिकी हुई हैं और फैंस को एक बड़े मैच का इंतजार है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.