कानपुरः आईसीसी T20 वर्ल्ड कप का आगाज हो चुका है और आज भारतीय टीम का मुकाबला USA के साथ खेला जाना है. इस बड़े मैच को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. हर कोई अपनी टीम की जीत की दुआ कर रहा है और एक बार फिर भारत को चैंपियन बनते देखना चाहता है. कानपुर में भी क्रिकेट का खुमार साफ नजर आ रहा है. लोकल 18 की टीम जब कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंची, तो वहां मौजूद युवा खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खास जोश देखने को मिला. ग्रीन पार्क वही मैदान है, जहां से देश को कई बेहतरीन खिलाड़ी मिले हैं और आज भी यहां के युवाओं में क्रिकेट को लेकर अलग ही जुनून है.
खिलाड़ियों की फॉर्म पर लोगों का भरोसा
ग्रीन पार्क में मौजूद युवाओं से जब बात की गई, तो उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय टीम बहुत मजबूत नजर आ रही है. उनका मानना है कि टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं. युवाओं ने कहा कि अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं और किसी भी गेंदबाज की लाइन-लेंथ बिगाड़ सकते हैं. साथ ही जसप्रीत बुमराह जैसे खतरनाक गेंदबाज के रहते विरोधी टीमों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा. युवाओं ने भरोसा जताया कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में भारत का पलड़ा भारी है. उनका कहना है कि टीम का संतुलन इस समय दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों में गिना जा रहा है.
इतिहास दुहराएगी टीम इंडिया
क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि जिस तरह टीम इंडिया इस वक्त खेल रही है, उसे देखकर लगता है कि एक बार फिर भारत इतिहास रच सकता है. उनका मानना है कि टीम में अनुभव और युवा जोश दोनों का अच्छा मेल है. हर खिलाड़ी अपने रोल को अच्छे से समझता है और मैदान पर पूरी मेहनत करता है. युवाओं ने कहा कि अगर खिलाड़ी इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो भारत के लिए ट्रॉफी जीतना मुश्किल नहीं होगा. उनका सपना है कि एक बार फिर वर्ल्ड कप की ट्रॉफी भारत आए और पूरा देश जश्न मनाए.
इंडिया से खेलने में घबराती है पाकिस्तानी टीम
बातचीत के दौरान कुछ युवाओं ने
पाकिस्तान टीम को लेकर भी अपनी राय रखी. उनका कहना था कि पाकिस्तान की टीम भारत से खेलने से घबराती है और इसी वजह से तरह-तरह के बहाने बनाती है. युवाओं का मानना है कि भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ काफी मजबूत रहा है और इसी कारण उन्हें हार का डर सताता है.उन्होंने कहा कि भारतीय टीम जब भी मैदान पर उतरती है, तो पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलती है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. यही वजह है कि फैंस को भरोसा है कि अगर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होता है, तो जीत भारत की ही होगी.
यूएसए से मैच को लेकर खास उत्साह
भारत और USA के बीच होने वाले पहले मुकाबले को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं. लोग उम्मीद कर रहे हैं कि टीम इंडिया इस मैच से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
कानपुर के ग्रीन पार्क में मौजूद युवाओं ने भी कहा कि पहला मैच जीतना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि इससे टीम का आत्मविश्वास और बढ़ता है.