Last Updated:
ind vs pak t20 world cup head to head: भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार 10 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है. नामीबिया के खिलाफ भारत को 93 रन से मिली जीत टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे बड़ी जीत है. टीम इंडिया बड़ी जीत के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत है. भारत का मुकाबला रविवार को पाकिस्तान से है. यह मुकाबला श्रीलंका में खेला जाएगा. दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में नौवीं बार 15 फरवरी को आमने सामने होंगी.
भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में नौवीं बार भिड़ेंगे.
इस बार टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं.सुरक्षा और राजनीतिक कारणों से पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में रखे गए हैं. दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं.भारत और पाकिस्तान अपने शुरुआती दो-दो मुकाबले जीतकर आत्मविश्वास से लबरेज हैं. भारत ने जहां अपनी संतुलित बल्लेबाजी और बुमराह-अर्शदीप की धारदार गेंदबाजी से दबदबा बनाया है, वहीं पाकिस्तान भी अपने नए कप्तान सलमान आगा के नेतृत्व में लय पकड़ चुका है.
आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह 9वीं बार होगा जब ये दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे. आंकड़ों पर नजर डालें तो टीम इंडिया का दबदबा है. अब तक हुए 8 मुकाबलों में से भारत ने 7 में जीत दर्ज की है. पाकिस्तान की एकमात्र जीत 2021 में दुबई के मैदान पर आई थी. 2007 के फाइनल से लेकर 2024 में न्यूयॉर्क के कम स्कोर वाले रोमांचक मैच तक, भारत ने हमेशा दबाव के पलों में बेहतर खेल दिखाया है.
2012 में टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का कोलंबो में आमना सामना हो चुका है
इससे पहले 2012 के टी20 विश्व कप में कोलंबो में दोनों टीमें भिड़ी थीं, जहां विराट कोहली की पारी ने भारत को आसान जीत दिलाई थी.इस विश्व कप में दोनों टीमों के पास 2-2 जीत के साथ सुपर 8 की ओर कदम बढ़ाने का यह सुनहरा मौका है. भारतीय खेमे में ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव की आक्रामक बल्लेबाजी चर्चा का विषय है. वहीं पाकिस्तान की टीम शाहीन अफरीदी और नसीम शाह की जोड़ी के दम पर भारत के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त करना चाहेगी.
स्पिनरों की मददगार है कोलंबो की पिच
कोलंबो की पिच आमतौर पर स्पिनरों को मदद करती है. ऐसे में भारत के कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की भूमिका काफी अहम हो सकती है. दूसरी तरफ, पाकिस्तान को अपनी अनिश्चितता से उबरकर भारत के मानसिक दबाव को तोड़ना होगा. 15 फरवरी की शाम 6:30 बजे जब कोलंबो में सिक्का उछलेगा, तो केवल 22 खिलाड़ी नहीं, बल्कि पूरे विश्व की निगाहें उस स्क्रीन पर होंगी. क्या भारत अपना रिकॉर्ड 8-1 करेगा, या पाकिस्तान 2021 वाला इतिहास दोहरा पाएगा?
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.