England beat Sri Lanka in 1st T20I: इंग्लैंड ने श्रीलंका को पहले टी20 इंटरनेशनल में 11 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त बना ली है. बारिश के प्रभावित रहे मुकाबले में DLS नियम के तहत इंग्लैंड को जीत मिली. सैम करन और आदिल रशीद ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को 133 रन पर ढेर कर दिया था. जवाब में इंग्लैंड का 15 ओवर में स्कोर 125/4 रन था. इसके बाद खेल नहीं हो सका. डकवर्थ लुइस नियम के तहत इंग्लैंड आगे था, जिससे जीत उसकी हुई.
इंग्लैंड ने जीता था टॉस
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. कामिल मिशारा (23) का शुरुआती विकेट 24 रन के स्कोर पर गिरने के बाद श्रीलंका ने 7.1 ओवर में 76 रन बोर्ड पर लगा दिए थे. कुसल मेंडिस ने तूफानी बैटिंग से श्रीलंका को दमदार स्टार्ट दिया. हालांकि, यहां पथुम निसांका (16) आउट हो गए, जिसके बाद श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई और एक-एक करके पूरी टीम 16.2 ओवर में ही 133 रन पर सिमट गई. कुसल मेंडिस ने 20 गेंदों पर 37 रन बनाए. कप्तान दासुन शनाका ने 20 रन और वानिंदू हसरंगा ने 14 रन का योगदान दिया.

इंग्लैंड ने 11 रन से जीता पहला टी20
सैम करन ने हैट्रिक से मचाया तहलका
सैम करन और आदिल रशीद श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे. सैम करन ने तो हैट्रिक लेने का कारनामा किया. पारी के 16वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर विकेट लेकर इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने हैट्रिक को अंजाम दिया. उनके तीन शिकार दासुन शनाका, महीश तीक्षणा और माथीशा पथिराना बने. वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए हैट्रिक लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज हैं. क्रिस जॉर्डन ने 2024 में पहली बार इंग्लैंड के लिए यह करिश्मा किया था. करन ने तीन विकेट चटकाए. वहीं, आदिल रशीद ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 19 रन देकर तीन विकेट लिए, जिसमें कुसल मेंडिस का विकेट भी शामिल था. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच मिला. जेमी ओवरटन और लियाम डॉसन को दो-दो विकेट मिले.
सॉल्ट-बैंटन का चला बल्ला
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड को फिल सॉल्ट और जोस बटलर ने तूफानी शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 2.5 ओवर में 36 रन जोड़े. बटलर 10 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए. जेकब बेथल भी सस्ते में आउट हो गए, जिससे इंग्लैंड का स्कोर 48/2 हो गया. हालांकि, सॉल्ट ने एक छोर संभाले रखा. टॉम बैंटन ने तेज तर्रार बल्लेबाजी की, लेकिन 29 रन बनाकर वह भी चलते बने. सॉल्ट ने कप्तान हैरी ब्रूक (16*) के साथ मिलकर इंग्लैंड का स्कोर 120 रन के पार पहुंचाया. हालांकि, अर्धशतक के करीब आकर सॉल्ट को शनाका ने अपना शिकार बना लिया. वह 46 रन बनाकर आउट हुए. उनकी पारी में तीन चौके और दो चौके शामिल रहे. 15 ओवर में इंग्लैंड का स्कोर 125/4 था. इसके बाद बारिश के खलल के चलते आगे का खेल नहीं हो सका. DLS के तहत इंग्लैंड ने 11 रन से जीत दर्ज कर ली. अगला मुकाबला इसी मैदान पर एक फरवरी को खेला जाएगा.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.