6 cricketer may retire after ipl: 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL में रोमांच और जज्बात का संगम देखने को मिलेगा. टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा. वहीं सबकी नजरें एमएस धोनी, अजिंक्य रहाणे और मिचेल स्टार्क जैसे दिग्गजों पर टिकी हैं. 36-37 की उम्र पार कर चुके इन सितारों के लिए यह ‘करो या मरो’ का सीजन है.
चेन्नई सुपर किंग्स और एमएस धोनी (MS Dhoni) का रिश्ता अटूट है. पांच आईपीएल खिताब दिलाने वाले ‘कैप्टन कूल’ अब अपने करियर के उस मोड़ पर हैं जहां हर मैच उनके संन्यास की अटकलों के साथ शुरू होता है. पिछले सीजन ऋतुराज गायकवाड़ की गैरमौजूदगी में कुछ समय के लिए कप्तानी संभालने वाले धोनी 44 की उम्र पार कर चुके हैं.

इस साल सीएसके ने संजू सैमसन (टी20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट) को अपनी टीम में शामिल किया है, जिन्हें धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है. 278 मैचों में 5,439 रन बना चुके धोनी क्या इस बार ट्रॉफी के साथ विदा लेंगे? यह सवाल हर क्रिकेट प्रेमी के जेहन में है.

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एक बार फिर अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) पर भरोसा जताते हुए उन्हें कप्तान बरकरार रखा है. लेकिन 37 वर्षीय रहाणे के लिए यह सीजन किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है. 198 मैचों में 5,032 रन बना चुके रहाणे के लिए बल्लेबाजी फॉर्म सबसे बड़ी चुनौती है. यदि इस सीजन उनके बल्ले से रन नहीं निकले, तो करियर के इस पड़ाव पर किसी अन्य फ्रेंचाइजी का उन्हें साथ जोड़ना मुश्किल होगा. उनके लिए आईपीएल 2026 कप्तानी के साथ-साथ वजूद बचाने की भी लड़ाई है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केकेआर एक बार फिर से अनुभवी अजिंक्य रहाणे पर ही अपना भरोसा जताना चाह रही है. रहाणे को टीम इंडिया के साथ घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में कप्तानी का लंबा अनुभव है. इसके अलावा रहाणे भारतीय पिचों पर एक बहुत ही कारगर खिलाड़ी भी है. पिछले सीजन में रहाणे केकेआर के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में से एक थे. रहाणे ने आईपीएल 2025 में केकेआर के लिए 13 मैचों में 390 रन बनाए थे.

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए एक दशक से ज्यादा वफादारी निभाने वाले सुनील नरेन (Sunil Narine) भी अब 37 साल के हो चुके हैं. रहस्यमयी स्पिनर से विस्फोटक ओपनर बनने तक का उनका सफर बेमिसाल रहा है. हालांकि, टी20 फॉर्मेट में अब युवा ऑलराउंडर्स की खेप तैयार है. नरेन की इकॉनमी और विकेट लेने की क्षमता आज भी बेजोड़ है, लेकिन उम्र और फिटनेस को देखते हुए यह उनका आखिरी सीजन साबित हो सकता है.

ऑस्ट्रेलिया के घातक गेंदबाज मिचेल स्टार्क (36 वर्ष) की रफ्तार और स्विंग आज भी बल्लेबाजों के लिए काल है. वर्कलोड मैनेजमेंट और इंटरनेशनल शेड्यूल की प्रतिबद्धताओं के कारण स्टार्क अक्सर आईपीएल से दूरी बनाते रहे हैं. पावरप्ले और डेथ ओवर्स के इस किंग के लिए आईपीएल 2026 फ्रेंचाइजी क्रिकेट का अंतिम अध्याय हो सकता है.

37 साल के अनुभवी पेसर ईशांत शर्मा (Ishant Sharma) ने पिछले सीजन गुजरात टाइटंस के लिए काफी रन लुटाए थे. 11 से ऊपर की इकॉनमी उनके करियर पर सवालिया निशान लगा रही है. इस सीजन उनके प्रदर्शन पर ही उनका भविष्य टिका है.

पंजाब किंग्स ने मार्कस स्टोइनिस को 11 करोड़ की भारी कीमत पर रिटेन किया है. 36 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मैच जिताने की क्षमता रखते हैं, लेकिन निरंतरता की कमी उन्हें भारी पड़ सकती है. अगर पंजाब के लिए यह सीजन फ्लॉप रहा, तो स्टोइनिस के लिए आईपीएल के दरवाजे बंद हो सकते हैं.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.