Last Updated:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले ‘करो या मरो’ के मुकाबले ने पाकिस्तान में एक नई बहस छेड़ दी है. पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने टीवी शो ‘हारना मना है’ पर अपनी नौकरी की शर्त लगाते हुए कहा है कि यदि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा, तो वे शो छोड़ देंगे. शहजाद ने यह दांव मोहम्मद आमिर की उस भविष्यवाणी के खिलाफ लगाया है, जिसमें आमिर ने भारत के बाहर होने और वेस्टइंडीज की जीत का दावा किया था. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाला यह वर्चुअल क्वार्टरफाइनल अब न केवल खिलाड़ियों, बल्कि इन दिग्गजों की साख की भी परीक्षा लेगा.
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर दो पाकिस्तानी खिलाडी आपस में भिड़े.
अहमद शहजाद ने कहा, ‘अगर भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचा तो, तो मैं यह सीट छोड़ दूंगा. मैं यह शो छोड़ दूंगा. मुझे पूरा यकीन है कि टीम इंडिया न केवल सेमीफाइनल में पहुंचेगी, बल्कि फाइनल भी खेलेगी.’ दूसरी ओर, मोहम्मद आमिर टूर्नामेंट की शुरुआत से ही भारत के खिलाफ कड़े तेवर अपनाए हुए हैं. आमिर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीमें भारत से कहीं अधिक संतुलित हैं. उन्होंने भारतीय गेंदबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘वेस्टइंडीज भारत को बहुत आसानी से हरा सकता है. कोलकाता में मैच है और जसप्रीत बुमराह के अलावा कोई भी भारतीय गेंदबाज लय में नहीं दिख रहा है. जिम्बाब्वे जैसी टीम ने उनके खिलाफ 184 रन बना दिए. वेस्टइंडीज की गहराई देखिए, पिछले मैच में 90 रन पर 7 विकेट गिरने के बाद भी उन्होंने 180 का स्कोर खड़ा किया. यह टीम भारत को बाहर करने का दम रखती है.’
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर दो पाकिस्तानी खिलाडी आपस में भिड़े.
शहजाद ने भारतीय सिस्टम की तारीफ की
आमिर की बातों से असहमत शहजाद ने भारतीय क्रिकेट के ढांचे और खिलाड़ियों के मानसिक अनुशासन की जमकर तारीफ की. उन्होंने तर्क दिया कि पाकिस्तान के खिलाफ बड़े अंतर से जीत और नेट रन रेट को सुधारने के लिए पिछले मैच में किया गया प्रदर्शन यह बताता है कि टीम इंडिया बड़े मैचों का दबाव झेलना जानती है.
शहजाद ने कहा, ‘हमने उनकी बहुत आलोचना की है, लेकिन उनके पास एक मजबूत सिस्टम है जो खिलाड़ियों को मुश्किल परिस्थितियों के लिए तैयार करता है. उनके पास वह लचीलापन और जज्बा है जो वर्ल्ड कप जीतने के लिए चाहिए.’ उन्होंने आमिर को चुनौती देते हुए यहां तक कह दिया कि अगर भारत जीतता है, तो आमिर से ‘ज्योतिष’ (Astrologer) का टैग छीन लेना चाहिए.
ईडन गार्डन्स में ‘वर्चुअल क्वार्टरफाइनल’
आज रविवार, 1 मार्च 2026 को कोलकाता में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए एक वर्चुअल क्वार्टरफाइनल है. समीकरण बिल्कुल साफ है जो टीम जीतेगी वह सीधे अगले दौर में जाएगी और हारने वाली टीम वर्ल्ड कप से बाहर हो जाएगी.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.