Last Updated:
लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के अहम खिलाड़ी रहे जडेजा अब एक नई चुनौती के लिए तैयार हैं. आईपीएल 2026 में राजस्थान की टीम में कई युवा खिलाड़ी मौजूद हैं और ऐसे में जडेजा की भूमिका सिर्फ एक ऑलराउंडर की ही नहीं बल्कि एक सीनियर गाइड और मेंटर की भी होने वाली है.
17 साल बाद राजस्थान रॉयल्स से जुड़े रवींद्र जडेजा का टीम में बदल गया रोल
इस बड़े ट्रेड में जडेजा के साथ इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन भी राजस्थान में शामिल हुए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन चेन्नई की टीम में चले गए. लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स के अहम खिलाड़ी रहे जडेजा अब एक नई चुनौती के लिए तैयार हैं. आईपीएल 2026 में राजस्थान की टीम में कई युवा खिलाड़ी मौजूद हैं और ऐसे में जडेजा की भूमिका सिर्फ एक ऑलराउंडर की ही नहीं बल्कि एक सीनियर गाइड और मेंटर की भी होने वाली है.
युवा टीम में निभाएंगे सीनियर खिलाड़ी की जिम्मेदारी
आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स के जर्सी लॉन्च इवेंट के दौरान जडेजा ने अपनी नई भूमिका को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि टीम में सीनियर खिलाड़ी होने के नाते वह अपने अनुभव के आधार पर सुझाव और राय देने के लिए हमेशा तैयार रहेंगे. जडेजा ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य टीम के हित में काम करना होगा और वह मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह टीम को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे. जडेजा ने कहा,मैं टीम को अपनी राय और सुझाव देता रहूंगा जो भी टीम के लिए बेहतर होगा, मैं वह करने के लिए हमेशा तैयार हूं. एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर आपको टीम के लिए अतिरिक्त जिम्मेदारी लेनी पड़ती है. आप जो भी टीम के लिए योगदान देते हैं, वही सबसे अहम होता है.
यंग नहीं, अल्ट्रा यंग खिलाड़ियों के साथ खेलूंगा
राजस्थान रॉयल्स की मौजूदा टीम में कई बेहद युवा खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल और उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी जैसे नाम प्रमुख हैं. जडेजा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह सिर्फ युवा खिलाड़ियों के साथ नहीं बल्कि “अल्ट्रा यंग” खिलाड़ियों के साथ खेलने जा रहे हैं. उनके मुताबिक यह अनुभव उनके लिए भी काफी रोमांचक होगा क्योंकि उन्हें नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के साथ खेलने और उन्हें करीब से समझने का मौका मिलेगा उन्होंने कहा, मैं यह नहीं कहूंगा कि मैं सिर्फ युवा खिलाड़ियों के साथ खेल रहा हूं, बल्कि मैं अल्ट्रा यंग खिलाड़ियों के साथ खेलूंगा. एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर यह काफी रोमांचक होने वाला है क्योंकि मुझे कई नए और युवा खिलाड़ियों को जानने का मौका मिलेगा. 17 साल बाद मैं फिर से राजस्थान के लिए खेल रहा हूं, इसलिए मेरे लिए भी यह आगे एक सीखने वाला अनुभव होगा.
18 करोड़ से घटकर 14 करोड़ हुई सैलरी
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लंबे समय तक खेलने वाले जडेजा की आईपीएल फीस में भी इस बार बदलाव हुआ है. पहले जहां उन्हें 18 करोड़ रुपये मिलते थे, वहीं आईपीएल 2026 के लिए उनकी सैलरी 14 करोड़ रुपये तय की गई है. हालांकि अनुभव, ऑलराउंड प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के चलते जडेजा अभी भी किसी भी टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी माने जाते हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि 17 साल बाद राजस्थान रॉयल्स में वापसी करने वाले जडेजा अपनी नई टीम को आईपीएल 2026 में कितनी दूर तक ले जा पाते हैं.
Discover more from Sports News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.